बरेली। थाना बिथरी और बारादरी से वांछित माफिया अशरफ का साला सद्दाम पर उमेश पाल हत्याकांड की साजिश मे शामिल होने का आरोप है। शुक्रवार को एडीजी जोन पीसी मीना ने सद्दाम पर घोषित इनाम 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया है। इससे पहले 17 अप्रैल को अशरफ के साले सद्दाम पर इनाम की राशि को बढ़ाकर 50 हजार रुपये किया गया था। सद्दाम की तलाश मे पुलिस की टीमे लगातार छापेमारी कर रही है। प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में रहने वाला सद्दाम माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ का साला है। अतीक और अशरफ की हत्या हो चुकी है लेकिन सद्दाम पुलिस की पकड़ से दूर है। वह बरेली मे दो मुकदमों में वांछित चल रहा है। ये दोनों मुकदमे सात मार्च को दर्ज कराए गए थे। बिथरी चैनपुर मे जिला जेल चौकी इंचार्ज अनिल कुमार ने अशरफ, उसके साले सद्दाम, गुर्गा लल्ला गद्दी, बंदीरक्षक शिवहरि अवस्थी और कैंटीन के सामान सप्लायर दयाराम के अलावा जेल के अज्ञात अधिकारी-कर्मचारियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि ये लोग जेल में अशरफ से अवैध मुलाकात करते और कराते थे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों व गवाहों की हत्या, रंगदारी मांगने आदि की योजना बनाई जाती थी। इस मामले मे सभी आरोपी जेल जा चुके हैं लेकिन सद्दाम अभी फरार है। दूसरा मुकदमा थाना बारादरी मे आजमनगर निवासी मोहम्मद हसीन ने मुकदमा लिखाया था। आरोप था कि फाइक इंक्लेव की खुशबू कॉलोनी स्थित उनके मकान को सद्दाम ने मुस्ताक नाम से एग्रीमेंट कराकर किराये पर लिया। कुछ समय बाद उसने किराया देना बंद कर दिया। किराया मांगने पर उसने खुद को अशरफ का साला बताकर उन्हें धमकाया। साथ ही उनके यहां से कुछ रुपये व दस्तावेज चोरी कर लिए। इस मामले में भी सद्दाम अब तक वांछित है।।
बरेली से कपिल यादव
