बरेली। शुक्रवार की सुबह यूपी बोर्ड हाईस्कूल का पेपर देने जा रहे दो स्कूटी सवार छात्रों को एक अनियंत्रित बस ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में छात्र अंशु की मौके पर मौत हो गई। जबकि दूसरा छात्र घायल है। सूचना पर पहुंची ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल छात्र अस्पताल में भर्ती है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण मे थाना प्रेमनगर पुलिस द्वारा मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया है तथा घायल को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया है। दुर्घटना कारित करने वाली बस को कब्जा पुलिस मे लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है। थाना इज्जतनगर क्षेत्र मिथलापुरी का रहने वाले 20 वर्षीय अंशु के पिता मुकेश गुप्ता ने बताया कि उनके घर पर चंदौसी का रहने वाला संजय किराए पर रहकर हाईस्कूल की पढ़ाई कर रहा था। शुक्रवार की सुबह वह और अंशु सुभाषनगर के राजकुमारी इंटर कॉलेज में परीक्षा देने जा रहे थे। इस दौरान राजेंद्र नगर में झूलेलाल दुआरा के पास उनकी स्कूटी पहले सब्जी के ठेले से टकराई, फिर पीछे से आ रही एक निजी कॉलेज की बस ने टक्कर मार दी। जिसमें अंशु की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। क्षेत्र वासियों की मदद से चीख-पुकार सुनकर बस को रोका गया। आनन-फानन मे इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल संजय को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश शुरू कर दी है। अंशु की मां राधा का रो-रोकर बुरा हाल है।।
बरेली से कपिल यादव
