बरेली। जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी ने गन्ना किसानों के भुगतान की समीक्षा करते हुए सम्बंधित चीनी मिलर्स फरीदपुर, बहेड़ी, नवाबगंज, शाहाबाद तथा बरखेड़ा पीलीभीत को निर्देश दिए कि गन्ना किसानों का बकाया भुगतान शीघ्र किया जाए। उन्होंने सभी संबंधितों को निर्देश दिए कि 20 जून तक गन्ने का सर्वे प्रत्येक दशा में करा लिया जाए। बुधवार को जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट कार्यालय में गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी को जिला गन्ना अधिकारी ने अवगत कराया कि फरीदपुर चीनी मिल तथा मीरगंज चीनी मिल के गन्ना किसानों का पेराई सत्र 2021-22 का पूरा भुगतान कर दिया गया है और बाकी चीनी मिलों ने 74.93 प्रतिशत गन्ना किसानों का भुगतान किया है। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन चीनी मिलों का गन्ना किसानों का भुगतान अभी तक शेष रह गया है वह सभी चीनी मिल गन्ना किसानों का भुगतान शत प्रतिशत शीघ्र किया जाए। बहेड़ी, नवाबगंज एवं सेमीखेड़ा पर पेराई सत्र 2021-22 के बकाया गन्ना मूल्य एवं समिति विकास अंशदान का अतिशीघ्र गन्ना किसानों में भुगतान करने के लिये ज़िलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिये तथा किसानों का गन्ना मूल्य बकाये का भुगतान न करने पर कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए। बैठक मे जिला गन्ना अधिकारी वीएन सिंह, फरीदपुर चीनी मिल के आरके गुप्ता, बहेड़ी चीनी मिल के शरद शर्मा, नवाबगंज चीनी मिल श्री वीएम मिश्रा, केसर चीनी मिल के जीएम रवीन्द्र सिंह तथा बरखेड़ा पीलीभीत एवं शाहाबाद के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
