राज्य पुरस्कृत शिक्षकों की सराहनीय पहल : प्राथमिक विद्यालय के बच्चे भी समर कैंप से सीखेंगे कुछ नया

*प्राथमिक विद्यालय मटिया नगला दस दिवसीय अन्त अन्तर्जनपदीय ऑनलाइन समर कैंप शुरू

*बरेली के राज्य पुरस्कृत शिक्षक डॉ अमित शर्मा व बुलंदशहर की राज्य पुरस्कृत शिक्षिका श्वेता दीक्षित की अनूठी व नवाचारी पहल

*कई जिलों के बच्चे सीखेंगे जीवन कौशल एवं अनेक कलाएं

*अनेक राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त एवं राज्य पुरस्कृत शिक्षक व अन्य ख्याति प्राप्त प्रशिक्षक देंगे प्रशिक्षण

*होंगी कला, क्राफ्ट, नृत्य, कंप्यूटर शिक्षा, वैदिक गणित, योग, व्यक्तित्व विकास, सम्भाषण कौशल विकास, फायरलेस कुकिंग, एवं संगीत की कक्षाएं

बरेली। विकास खंड फरीदपुर के प्राथमिक विद्यालय मटिया नगला में दस दिवसीय अन्तर्जनपदीय ऑनलाइन समर कैंप का शुभारंभ हो गया। राज्य अध्यापक पुरस्कार तथा राज्य आईसीटी पुरस्कार से पुरस्कृत विद्यालय के प्रधान अध्यापक, डॉ अमित शर्मा ने बताया कि बच्चों को ग्रीष्मावकाश में मनोरंजन के साथ-साथ जीवन कौशलों के विकास हेतु दस दिवसीय ऑनलाइन समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। बीएसए विनय कुमार एवं खंड शिक्षा अधिकारी, फरीदपुर शशांक शेखर मिश्रा के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में बेसिक शिक्षा के इतिहास में पहली बार ऐसा आयोजन हो रहा है जिसमें अन्य जिलों से भी शिक्षक एवं बच्चे ऑनलाइन समर कैंप में प्रतिभाग कर रहे हैं। कैम्प के आयोजक बरेली के डॉ अमित शर्मा तथा बुलंद शहर की राज्य शिक्षक पुरस्कृत शिक्षिका श्रीमती श्वेता दीक्षित हैं।
डॉ अमित शर्मा ने बताया कि समर कैंप में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षकों में बदायूँ के श्री कुँवर सेन, मुरादाबाद की श्रीमती तृप्ति माहौर, बरेली के श्री लाल बहादुर गंगवार तथा राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षकों में बुलंद शहर की श्रीमती दीप्ति शर्मा, श्रीमती श्वेता दीक्षित, बरेली की सुश्री नम्रता वर्मा व अन्य ख्याति प्राप्त प्रशिक्षक शामिल हैं। दिल्ली की अपेक्षा, शाहजहांपुर से अरविंद शुक्ल, बरेली से वात्सल्या शर्मा, डॉ अखिलेश उपाध्याय, शुभ्रा शर्मा आदि द्वारा मनोरंजक तरीके से विभिन्न कौशलों का अभ्यास कराया जाएगा। डॉ अमित शर्मा ने बताया कि शिक्षा अधिकारियों की प्रेरणा, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से ही ऐसे नवाचारी कार्यक्रम आयोजित कर पाते हैं। दस दिन के इस समर कैंप में बच्चों को मनोरंजक, ज्ञानवर्धक एवं आवश्यक गतिविधियाँ करवायी जाएंगी साथ ही उनके जीवन कौशल विकास हेतु भी चर्चा होगी। कार्यक्रम में इन एक्सपर्ट्स के माध्यम से बच्चों को आर्ट एंड क्राफ्ट,योगा,मेहंदी,रंगोली,संगीत,कुकिंग,कंप्यूटर,कठपुतली बनाना, वैदिक गणित एवं जीवन कौशल से सम्बंधित तकनीकियाँ ऑनलाइन सिखायी जायेंगी। सिखाई गई गतिविधियों के आधार पर बच्चों को अभ्यास हेतु वर्कशीट्स एवं अभ्यास कार्य भी दिए जाएंगे साथ ही साथ बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा और ई-प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। उक्त समर कैंप के आयोजन से सभी छात्र छात्राएं एवं अभिभावक अत्यधिक उत्साहित हैं। कार्यक्रम से संबंधित सभी गतिविधियों की वीडियो यूट्यूब पर शेयर की जाएगी जिससे अधिक से अधिक छात्र इससे लाभान्वित हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *