बरेली। डीएम शिवाकान्त द्विवेदी ने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी सम्बंधित अधिकारियों तथा कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि परियोजनाओं के शेष निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि कुछ कार्यों मे धन की उपलब्धता की समस्या नही है। इसके बाद भी प्रगति धीमी है। इस स्थिति को तत्काल सुधारा जाए। उन्होंने वन विभाग को निर्देश दिए कि वृक्षारोपण के उपरान्त जीवित वृक्षों की वास्तविक रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री घोषणाओं से सम्बंधित जो निर्माण कार्य अपूर्ण है। उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। डीएम शिवाकान्त द्विवेदी की अध्यक्षता मे सोमवार को विकास भवन के सभागार मे जनपद के विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। डीएम ने 300 बेड अस्पताल के निर्माण कार्य पर मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि कार्यदायी संस्था से नियमानुसार हैंडओवर लिया जाए। उन्हें अवगत कराया गया कि क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला की 49 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हुआ है जबकि कार्य पूर्ण किए जाने की समय सीमा समाप्त हो चुकी है। उन्होंने कार्यदायी संस्था उ.प्र. राजकीय निर्माण निगम को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य शीघ्रता शीघ्र पूर्ण कर सम्बंधित विभाग को हैण्डओवर किया जाए। उन्होंने आईटीआई की कार्यदायी संस्था सीएडडीएस के कार्य की भौतिक प्रगति 85 प्रतिशत होने पर कहा कि शेष कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए। डीएम ने अधिशासी अभियन्ता जल निगम को निर्देश दिए कि जो भी कार्य शेष है। उन्हें शीघ्र पूर्ण किए जाएं। उन्होंने बस स्टेशन मिनी बाईपास के निर्माण कार्य की प्रगति कम होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों मे शीघ्र तेजी लाई जाए। बैठक मे अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह, मुख्य विकास अधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग, मुख्य चिकित्साधिकारी बलवीर सिंह, जिला विकास अधिकारी चन्द्रप्रकाश श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी तथा कार्यदायी संस्थाओं आदि के अधिकारी उपस्थित थे।।
बरेली से कपिल यादव
