मीरगंज, बरेली। जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र के हुरहुरी मे चोरों ने पंचायत कर्मी के घर का ताला तोड़कर 47000 रुपये और लाखों के जेवर चोरी कर ले गए। बदमाशों ने दो घरों में चोरी का प्रयास भी किया। हुरहुरी गांव मे दिवना रोड किनारे ब्लॉक कार्यालय में अटैच पंचायत कर्मी महावीर गंगवार के घर को रविवार रात चोर दीवार कूदकर उनके घर में घुसे और बरामदे में लगे जाल के ताले तोड़े। बदमाश सेफ व संदूकों नकदी और जेवर चोरी कर फरार हो गए। महावीर परिजनों के साथ दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। परिजन सुबह नीचे आए तो सामान बिखरा देखकर चोरी का पता चला। महावीर ने बताया चोर 47000 रुपये, दो तोले सोने की चेन, मंगलसूत्र, एक जोड़ी झाले, चांदी की पायल, चांदी की आठ अंगूठी चोरी कर ले गए। दो अंगूठी सुबह बिखरे सामान के पास पड़ी मिलीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया चोरों ने हीरालाल के घर में सीढ़ी लगाकर घुसने की कोशिश की लेकिन उनके कुत्ते ने प्रयास विफल कर दिया। सुबह सीढ़ी पर खून लगा मिला। ग्रामीणों ने दावा किया सीढ़ी से घर में घुसने पर कुत्ते ने चोर पर हमला कर दिया। परिजनों के जागने पर चोर भाग गए। चोरों ने गांव के नेत्रपाल के घर में भी घुसने की कोशिश की। परिजनों के शोर मचाने पर चोर भाग गए। ग्रामीणों ने बताया जाड़ों में हर साल गांव में चोरियां होती हैं लेकिन इनका खुलासा नहीं हुआ।।
बरेली से कपिल यादव
