सुंदरी मे विकास कार्यों की जांच करने पहुंचे पीडी, जुटे ग्रामीण

नवाबगंज, बरेली। जनपद के ब्लॉक भदपुरा की ग्राम पंचायत सुंदरी मे ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत पर बुधवार को परियोजना निदेशक (पीडी) ने गांव पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। अचानक हुई इस जांच से गांव में अफरा-तफरी मच गई, जबकि प्रधान खेमे में हड़कंप की स्थिति बनी रही। ग्रामीण रवीन्द्र पाल, छवि नाथ, महीपाल, अंगनलाल, हरपाल, महेन्द्र पाल व देवेश कुमार ने जिलाधिकारी से शिकायत करते हुए आरोप लगाया था कि विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। शिकायत के आधार पर पहुंचे पीडी ने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, पंचायत भवन, नाली-खड़ंजा, शौचालय निर्माण, हैंडपंप, प्रकाश व्यवस्था, शीत लहर की रोकथाम तथा सामुदायिक परिसंपत्तियों समेत कुल 33 बिंदुओं पर गहन जांच की। जांच के दौरान आंबेडकर पार्क के सौदर्याकरण और बाउंड्री निर्माण के नाम पर भुगतान निकाले जाने की भी पड़ताल की गई। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पार्क की बाउंड्री का निर्माण वर्ष 2010-11 में पूर्व सांसद प्रवीण ऐरन के कार्यकाल में कराया जा चुका था, जबकि मौजूदा ग्राम प्रधान ने केवल रंग-रोगन कराकर दोबारा भुगतान निकाल लिया। परियोजना निदेशक ने मौके पर कार्यों की गुणवत्ता, मजदूरों की उपस्थिति, मस्टर रोल और भुगतान अभिलेखों का मिलान किया। निरीक्षण के समय ग्राम पंचायत सचिव संगीता देवी, ग्राम प्रधान, रोजगार सेवक समेत अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे। जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी और यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *