सीसी रोड मे पुराना मलबा न लगाने की दी हिदायत, वीडियो हुई थी वायरल

नवाबगंज, बरेली। जनपद के नवाबगंज कस्बे मे पांच करोड़ रुपये की लागत से बन रही सीसी रोड के निर्माण में अनियमितता सामने आने के बाद सोमवार को पालिका परिषद की चेयरमैन प्रेमलता राठौर के पति नीरेंद्र सिंह राठौर ने सड़क की गुणवत्ता की जांच की। सड़क के बेस में पुराने डामर रोड का मलबा मिला, जिसे देखकर वह नाराज हो गए और मजदूरों को तुरंत पुराना मलबा हटाने के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी की ओर से पांच करोड़ की लागत से कस्बे के बाईपास से विजौरिया तिराहे डेढ़ किलोमीटर सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। पहले यहां डामर रोड थी, जिसे तोड़कर अब सीसी रोड बनाई जा रही है। सड़क का निर्माण कार्य करा रहा ठेकेदार पुराने डामर रोड को पूरी तरह हटाने के बजाय उसी मलबे को नई गिट्टी में मिलाकर बेस तैयार करा रहा था। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल (मिश्रा गुट) के प्रदेश मंत्री विनोद गुप्ता ने निर्माण स्थल का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। मामला तूल पकड़ने पर सोमवार को चेयरमैन पति मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क के बेस को खुदवा कर देखा तो उसमें पुराने रोड का मलबा मिला। जिसपर उन्होंने मजदूरों को कड़ी हिदायत दी कि सड़क निर्माण मे पुराना मलबा बिल्कुल न लगाया जाए और मानक के अनुसार कार्य कराया जाए।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *