सीबीगंज, बरेली। जिले के थाना सीबीगंज क्षेत्र मे लग्जरी गाड़ी से मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे दो तस्करों को पुलिस ने दबोच लिया। दोनों के पास से 19 किलो डोडा बरामद हुआ है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात परसाखेड़ा चौकी इंचार्ज विश्वदेव सिंह को सूचना मिली कि दो तस्कर दिल्ली नंबर की लग्जरी गाड़ी से बदायूं से निकले है। उनके पास भारी मात्रा मे मादक पदार्थ हैं। झुमका तिराहा पर परसाखेड़ा चौकी इंचार्ज, हेड कांस्टेबल रूपेंद्र कुमार व दरोगा मुकेश कुमार ने फोर्स के साथ घेराबंदी की। सफेद रंग की लग्जरी कार आते दिखाई पड़ी। उसके आगे बैरियर लगाकर उसे रोक लिया गया। तलाशी के दौरान गाड़ी मे 19 किलो डोडा मिला। जिसे छिपाकर रखा था। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम पवन व राजवीर निवासी कादरचौक बदायूं बताया। पुलिस के अनुसार दोनों ने पुलिस को बताया कि वे यह माल बदायूं से लेकर चले थे और दिल्ली में बेचने के लिए ले जा रहे थे। पकड़े गए तस्कर ने बताया कि दोनों मादक पदार्थों की तस्करी मे लग्जरी गाड़ी का इस्तेमाल करते हैं। लग्जरी गाड़ी अधिकांश नही रोकी जाती है। इस वजह से वह गाड़ी को सुरक्षित मानते हैं। वह कई वर्षों से तस्करी का काम कर रहे है। कार्यवाहक थाना प्रभारी अंगद सिंह ने बताया कि दोनों तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्हें जेल भेजा जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
