सीटीईटी: परीक्षार्थी बोले- सामान्य लेकिन लंबे थे प्रश्न, एजुकेटर का सत्यापन शुरू

बरेली। जनपद मे शनिवार को केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। शनिवार को परीक्षा प्रथम पाली में 17 परीक्षा केंद्रों पर और द्वितीय पाली में 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई। परीक्षा केंद्रों अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन और निगरानी के विशेष प्रबंध किए गए। परीक्षा केंद्रों से बाहर आए परीक्षार्थियों ने पेपर के स्तर को सामान्य बताते हुए कहा कि प्रश्न अपेक्षाकृत लंबे थे, जिन्हें पढ़ने और समझने में अधिक समय लगा। इसके चलते परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन चुनौतीपूर्ण रहा और कई अभ्यर्थियों को पूरे प्रश्नपत्र को हल करने में समय की कमी महसूस हुई। बावजूद इसके अधिकांश अभ्यर्थियों ने परीक्षा को संतुलित और पाठ्यक्रम आधारित बताया। परीक्षा के दौरान प्रशासन, पुलिस विभाग, केंद्र अधीक्षकों, पर्यवेक्षकों की ओर से परीक्षा को शांति पूर्वक संपन्न कराया गया। गड़बड़ी के आरोप पर एजुकेटर का सत्यापन शुरू: जिले में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बाल वाटिकाओं मे ईसीसीई (अर्ली चाइल्ड केयर एजुकेटर) भर्ती घोटाले ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है। जिले में 171 पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों ने मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी से शिकायत की थी उनके अधिक अंक होने के बावजूद नौकरी नहीं मिली, जबकि कम अंक वाले अभ्यर्थियों को सीधे नियुक्त कर दिया गया। इस शिकायत के बाद कमिश्नर ने तुरंत जांच का आदेश दिया। शनिवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता सिंह ने 90 चयनित अभ्यर्थियों को बुलाकर उनके प्रमाणपत्रों का भौतिक सत्यापन कराया। शेष अभ्यार्थियों को सोमवार को बुलाया गया है। सूत्रों के अनुसार, भर्ती में आउटसोर्स कंपनी की भूमिका भी संदिग्ध है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *