बरेली। समाज कल्याण मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत सहारा मैदान, मुड़िया अहमद नगर में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। समाज कल्याण विभाग की ओर से सोमवार को सहारा मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 1631 जोड़े एक-दूजे के हो गए। गायत्री परिवार के विद्वानों ने हिंदू जोड़ों को वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ फेरे दिलाए। वहीं दूसरी ओर मौलवियों ने 170 मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ाया। शाम पांच बजे के बाद भी कार्यक्रम चलता रहा। समारोह में अव्यवस्था के कारण भोजन के लिए मारामारी रही। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के तहत 1781 जोड़ों ने पंजीकरण कराया था। इनमें 150 जोड़े सामूहिक विवाह कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। सोमवार को 1601 हिंदू और 180 मुस्लिम जोड़ों का विवाह होना था। इनमें 140 हिंदू और 150 मुस्लिम जोड़ों का कार्यक्रम मे न पहुंचने के कारण विवाह नही हो सका।दरअसल उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गरीबी रेखा से नीचे का जीवन बिताने वाले सभी बीपीएल कार्ड धारक परिवार जो गरीब परिवार से ताल्लुक रखते हैं उन सभी के बेटियों, विधवा महिलाओं और तलाकशुदा महिलाओं के लिए आर्थिक मुख्यमुत्री सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया है। इस योजना के अन्तर्गत सभी मानदंडों को पूरा करते हुए सामूहिक विवाह करने वाले प्रत्येक जोड़े की शादी पर प्रदेश सरकार द्वारा 51 हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। सामूहिक विवाह के अवसर पर सम्मेलन मे सांसद धर्मेंद्र कश्यप की सुपुत्री कीर्ति कश्यप, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, विधायक फरीदपुर श्याम बिहारी लाल, नवाबगंज डॉ एमपी आर्य, बिथरी चैनपुर डॉ राघवेन्द्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, जिलाध्यक्ष आंवला वीर सिंह पाल, महानगर अध्यक्ष डॉ केएम अरोरा, कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी जग प्रवेश, समस्त ब्लाकों के ब्लॉक प्रमुख, समस्त विकास खण्ड अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
