सस्ती और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के बाद युवाओं को मिले रोजगार- तोगड़िया

बहेड़ी, भोजीपुरा, बरेली। अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के संस्थापक व अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने रविवार को बरेली के राजेंद्रनगर, बहेड़ी और भोजीपुरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हिन्दू सुरक्षा, किसानों की बदहाली, शिक्षा और जनसंख्या नियंत्रण जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सस्ती और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा कोई सुविधा नहीं, बल्कि अधिकार है। सरकार ऐसी व्यवस्था बनाए जहां शिक्षा के तुरंत बाद युवाओं को रोजगार की गारंटी मिले। सशक्त युवा ही पर आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव हैं। तोगड़िया ने कहा जब तक किसान, कर्जमुक्त और समृद्ध नहीं होगा तब तक समृद्ध भारत का सपना एक कोरी कल्पना है। जब खेत और फसल किसान की है तो वह कर्जदार क्यों है? उन्होंने नारा दिया कि किसानों को मिले फसल के सही दाम, यही है हमारा राम, यही है हमारा काम। उन्होंने कहा कि आज बांग्लादेश मे जो हो रहा है, वह 1990 के कश्मीर की तस्वीर की याद दिलाता है। पिछले 14 वर्षों से वहां हिन्दुओं की चुन-चुनकर हत्याएं की जा रही है। सरकार को हिन्दुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। ऐसे मे हमारा संकल्प ‘सुरक्षित हिन्दू, समृद्ध हिन्दू और सम्मानयुक्त हिन्दू’ का है। उन्होंने कहा कि आयोध्या का राममंदिर किसी एक व्यक्ति के धन से नही बल्कि देश के आठ करोड़ हिन्दुओं द्वारा दिए गए ‘सवा रुपये’ के योगदान और उनके संघर्ष का फल है। कार्यक्रम मे राष्ट्रीय बजरंग दल अध्यक्ष मनोज सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री हरेंद्र सिंह, राष्ट्रीय संगठन मंत्री ईश्वरी प्रताप गंगवार, सुनील गुप्ता, प्रेमपाल सोलंकी, विवेक गंगवार, वीरेंद्र गंगवार जिलामंत्री, धनराज सिंह प्रधान, श्यामजी, नितिन गंगवार, नीतीश यादव आदि मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *