संदिग्ध हालात में गर्भवती विवाहिता की मौत, दहेज हत्या का आरोप

फरीदपुर, बरेली। जनपद के फरीदपुर कस्बे के मोहल्ला भूरेखां गौटिया में संदिग्ध हालात में विवाहिता आरती (30 वर्ष) की मौत हो गई। वह आठ माह की गर्भवती था। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहर के मोहल्ला सतीपुर चौराहा निवासी रमेश राठौड़ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन आरती की शादी नवंबर 2025 में फरीदपुर के मोहल्ला भूरेखां गौटिया निवासी प्रदीप राठौर के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति समेत ससुराल वाले पांच लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे। रमेश का आरोप है कि आरोपियों ने गर्भावस्था के दौरान उनकी बहन को पीटा और पेट में गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और शनिवार रात उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर ससुराल पक्ष का कहना है कि आरती को सांस लेने में दिक्कत थी, जिसका इलाज रुद्रपुर में चल रहा था। इसी बीमारी के चलते शनिवार रात उसकी मौत हुई है। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति प्रदीप राठौर, देवर रवि, सास लीलावती, और ननद प्रीति व सोनी के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों की पुष्टि होगी और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *