सिरौली, बरेली। जनपद के थाना सिरौली के गांव संग्रामपुर में एक नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी हुई हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। चंदौसी के गांव गुमथल की दीपा उम्र 20 वर्ष की 15 दिन पहले ही 23 जून को सिरौली के गांव संग्रामपुर के आकाश के साथ शादी हुई थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात को पत्नी घर में सोई हुई थी और पति पड़ोसी गांव में एक दावत में गया था। पति देर रात एक दावत से घर पहुंचा और सो गया। रात मे जब आकाश की नींद खुली तो दीपा कमरे में पंखे से लटकी हुई थी। पति ने जब देखा तो वह घबराकर चिल्ला उठा, तभी शोर सुनकर घरवाले व आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर सुबह सिरौली पुलिस पहुंची और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने संयुक्त रूप से जांच की है। सूचना पर महिला के मायके वाले भी पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। थानाध्यक्ष रोहित सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। शिकायत आती है तो कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
