नवाबगंज, बरेली। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए जुमला सरकार की संज्ञा दी। भाजपा पर बांटने का आरोप लगाते हुए कहा भाजपा की सरकारें गले तक भ्रष्टाचार में डूबी हुई हैं और समाज को बांटने की राजनीति कर रही है। आम आदमी पार्टी का उद्देश्य ही समाज को जोड़ना है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी की पंचायत चुनाव सीधे जनता से कराने की घोषणा को कोरी बयानबाजी बताते हुए कहा कि सीधे चुनाव कराने में भाजपा का सफाया हो जाएगा और आम आदमी पार्टी का ही परचम लहराएगा। आप नेता ने जात पात से नाता तोड़ों, शिक्षा स्वास्थ्य से नाता जोड़ों का नारा देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से अभी से विधान सभा चुनाव की तैयारियों में जुटकर आम आदमी पार्टी की नीतियों का प्रचार करने की अपील की। नवाबगंज के एक राइस मिल मे गुरुवार शाम 4 बजे पहुंचे आप नेता को सुनने के लिए दोपहर से ही कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी रही। इस आयोजन में पार्टी के रुहेलखंड प्रांत अध्यक्ष इंजी हैदर अली, प्रांत उपाध्यक्ष सुनीता गंगवार, जिलाध्यक्ष रामसिंह मौर्य, पूर्व अध्यक्ष सवाजीत, कैमरी चेयरमैन अंसार अहमद, रामपुर पालिकाध्यक्ष मामून शाह, पार्टी के पीलीभीत जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा, प्रान्त कार्यालय प्रभारी वहीद अहमद अंसारी, विधायक आशिक अहमद, जीनत अंसारी और पाकवाड़ा चेयरमैन याकूब अली आदि के साथ ही बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।।
बरेली से कपिल यादव