संगोष्ठी में बोले गोविंद नारायण, कांग्रेस ने हमेशा की बाबा साहब की उपेक्षा

बरेली। भाजपा सरकार ने हमेशा बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को सम्मान दिलाने के लिए काम किया है। केंद्र की सरकार ने सबसे पहले सम्मान देते हुए सुप्रीम कोर्ट परिसर मे विधि मंत्रालय में आंबेडकर की मूर्ति लगवाई। लंदन में बाबा साहब के निवास को सरकार ने अधिग्रहण कर एक स्मारक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित किया है। यह बातें मंगलवार को बदायूं रोड पर स्थित एक रिसोर्ट में डॉ. भीमराव आंबेडकर के सम्मान अभियान पर आयोजित संगोष्ठी में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश संगठन के महामंत्री और एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ला ने कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ही आंबेडकर की जन्म भूमि, शिक्षा भूमि, दीक्षाभूमि, महा परिनिर्वाण भूमि, चेत्या भूमि को पंचतीर्थ में विकसित किया है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर आजीवन बाबा साहब की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। भाजपा प्रदेश विधि प्रकोष्ठ के संयोजक प्रशांत सिंह अटल ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब की हमेशा उपेक्षा और अपमान किया। मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू शुरू से संविधान के निर्माण के लिए ब्रिटिश संवैधानिक विशेषज्ञ आइवर जेनिंग्स को नियुक्त करना चाहते थे। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बाबा साहब की मृत्यु के बाद उन्हें जनमानस के मन से भुलाने का गंभीर प्रयास किया। सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के कार्यकाल के दौरान डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न से सम्मानित नही किया गया। भाजपा महानगर अधीर सक्सेना ने कहा कि आंबेडकर की स्मृति को एक लंबे समय तक उपेक्षित रखा गया। अध्यक्षता कर रही सुषमा गौंडियाल ने कहा कि भाजपा ने हमेशा दलितों, पिछड़ों को सम्मान दिया। हमारा समाज भाजपा सरकार में अपने आप को सुरक्षित महसूस करता है। इस दौरान महानगर उपाध्यक्ष देवेंद्र जोशी, विष्णु शर्मा, योगेन्द्र शर्मा, तृप्ति गुप्ता, मनोज थपलियाल, आनंद प्रकाश, शिशुपाल कठेरिया, श्याम सुंदर कठेरिया, हरबंस सिंह, जगदीश भारती, किशन लाल सागर, दीपक सोनकर, कमलेश आदि लोग मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *