शोभायात्रा मे डीजे पर डांस करते युवक को चाकू मारा

बरेली। जनपद के थाना कोतवाली क्षेत्र के सिकलापुर मे शनिवार शाम शोभायात्रा के दौरान डांस कर रहे समीर (25) पर किसी ने पीछे से चाकू से हमला कर दिया। चाकू कमर मे लगने से वह घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल में भर्ती समीर ने बताया कि वह शनिवार शाम सिकलापुर चौराहे पर प्रेमनगर की ओर से आई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा देखने पहुंचा था। वहां डीजे पर लोग डांस कर रहे थे। इसी दौरान वह भी डांस करने लगा। आरोप है कि पीछे से किसी युवक ने उस पर चाकू से वार कर दिया। चाकू उसकी कमर में लगा और वह घायल होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने डीजे बंद कराया और पुलिस को सूचना दी। समीर का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले युवक दीपक ने पुरानी रंजिश के चलते उस पर हमला किया है। समीर के पिता रामभरोसे ने कोतवाली मे रिपोर्ट दर्ज करा दी। उन्होंने सिकलापुर के ही निवासी दीपक या उसके किसी साथी पर हमले का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि छह महीने पहले दीपक से समीर की कहासुनी हुई थी। कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार व उनकी टीम ने घटनास्थल व आसपास सीसी कैमरे चेक किए तो वहां दीपक की मौजूदगी नही मिली। सर्विलांस के मुताबिक भी पुलिस को दीपक की लोकेशन वहां नही मिली। ऐसे में आशंका बढ़ गई कि कहीं दीपक ने किसी और से तो हमला नही कराया है। पुलिस की जांच में प्रेम त्रिकोण की बात भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि समीर और दीपक पहले एक ही लड़की से प्यार करते थे। इसी वजह से छह महीने पहले दोनों का टकराव हुआ था। हालांकि दीपक की शादी हो चुकी है और एक बच्ची भी है। सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम का कहना है कि कोतवाली के विवेचक अनूप सिंह को विवेचना सौंपी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस चाकू मारने वाले आरोपी की पहचान और तलाश मे जुटी हुई है। समीर की हालत में सुधार है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *