बरेली। जनपद के लोग दिसंबर मे कड़ाके की ठंड से बेहाल हो गए है और अंतिम दिन भी राहत नही मिलने वाली है। इसके अलावा नए साल मे भी कुछ दिनों तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। एक दिन की मामूली राहत के बाद मंगलवार को भी लोगों को 14 डिग्री सेल्सियस का टार्चर झेलना पड़ा। प्रदेश मे हमीरपुर के बाद बरेली का सबसे ठंडा दिन रहा। दोनों जिलों का अधिकतम तापमान लगभग बराबर रहा। दिन में तेज हवाएं चलने से लोग ठंड से कांप गए। दिन में दोपहर 3:30 बजे के बाद सूरज के दर्शन तो हुए लेकिन धूप नही खिली। इसकी वजह से कोई राहत नही मिली। पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से शीतलहर जैसे हालात बने हुए है। मंगलवार को सुबह से शाम तक धूप नहीं निकली। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं के चलते ठिठुरन और बढ़ गई है। मंगलवार को प्रदेश में दूसरा सबसे ठंडा जिला बरेली रहा। यहां पूरा दिन धूप नही निकलने की वजह से एक बार फिर अधिकतम तापमान करीब 1.5 डिग्री सेल्सियस कम हो गया है। प्रदेश मे सबसे ठंडा जिला हमीरपुर रहा यहां दिन मे अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मंगलवार को दिन में अधिकतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है जो सामान्य से करीब 6 डिग्री सेल्सियस कम है। दिन के तापमान में बीते करीब 10 दिनों से लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। मंगलवार को सड़कों पर आवाजाही कम ही दिखी। वही रात मे न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से करीब तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। जिले मे इस बार कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मंगलवार को प्रदेश के सबसे ठंडे जिलों मे बरेली दूसरे स्थान पर रहा। इस माह जिला दो बार सबसे ठंडा जनपद रहा जबकि दो बार सबसे सर्द तीन जिलों में शामिल रहा।।
बरेली से कपिल यादव
