बरेली। प्रदेश मे गुरुवार को बरेली-शाहजहांपुर का दिन सबसे ठंडा रहा। यहां शिमला, कुल्लू, नैनीताल और जागेश्वर जैसे पहाड़ी इलाकों से भी दिन का तापमान कम रहा। दिन मे बरेली और शाहजहांपुर मे अधिकतम तापमान सिर्फ 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि शिमला का 14.4 और कुल्लू का 18.4 डिग्री दर्ज किया गया। रात मे बरेली का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने चौबीस घंटे में मौसम में बदलाव होने और तापमान में मामूली इजाफा होने का पूर्वानुमान जताया है। शीतलहर के साथ साथ ही घना कोहरा भी गुरुवार को छाया रहा। शहरी इलाकों में दृश्यता जहां 25 मीटर से भी कम रही वहीं एयरफोर्स के आसपास दृश्यता शून्य रिकार्ड की गई। गुरुवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा और इससे जनजीवन प्रभावित हुआ। दोपहर तक कोहरे की चादर रही और भयंकर गलन-सर्दी से लोग ठिठुर उठे। गुरुवार को घना कोहरा भी रहा। खासकर एयरफोर्स और आसपास के इलाके में कोहरे का असर अधिक रहा। यहां सुबह दृश्यता न के बराबर रिकार्ड की गई। शहर में भी घने कोहरे के चलते जनजीवन पर असर दिखा। ठंड-शीतलहर से फिलहाल अधिक राहत मिलने के आसार नही है लेकिन तापमान में मामूली इजाफा हो सकता है। लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार ने बताया कि अगले चौबीस घंटे में मौसम करवट ले सकता है।।
बरेली से कपिल यादव
