शाहजहांपुर का नाम बदलने की योगी से मांग, बोली- उमा भारती, गुलामी का प्रतीक, बदला जाए

आंवला, बरेली। मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने शनिवार को बरेली के आंवला मे वीरांगना अवंतीबाई लोधी की जयंती पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने पड़ोसी जनपद के नाम पर कहा कि शाहजहांपुर अच्छा नहीं लगता। मुख्यमंत्री योगी से अनुरोध है कि इसके लिए कोई नया नाम प्रस्तावित कर दें। कहा कि गुलामी के दौर की याद दिलाने वाले किसी व्यक्ति के नाम पर जिले का नाम रहे यह अच्छा नही है। दोबारा यह नाम सुनना भी नही चाहती। उमा भारती ने कहा कि भाजपा ने लोधी समाज से दो-दो मुख्यमंत्री दिए हैं। लोधी समाज पहला समाज था जिसने भाजपा को प्लेटफॉर्म दिया है। इसके पहले भाजपा की छवि पिछड़ों के हितैषी के रूप में नहीं थी। लोधी समाज ने भाजपा को मंच दिया, जिसकी वजह से भाजपा अपना विस्तार कर सकी। भाजपा ने लोधी समाज का सम्मान रखा तो लोधियों ने भाजपा का मान रखा। लोधियों को ना चापलूसी आती है और ना साजिश करनी आती है। उन्होंने कहा कि अभी हम मथुरा और काशी के लिए कोर्ट में अर्जी दिए हैं। सुनवाई हो रही है। कोर्ट का आदेश हम मानेंगे। हमारे इष्ट के जन्मस्थान के लिए प्रमाण मांगा जा रहा है। कहा कि मीरबाकी ने हमारी विरासत पर कील ठोंकने का काम किया था। अस्मिता का अपमान करने के लिए ढांचे को गिराकर वहां इबादतघर बनाया था। हमने राष्ट्रीय अस्मिता को बचाने के लिए भव्य मंदिर का निर्माण कर फिर से गौरव को लौटाने का काम किया। कल्याण सिंह बब्बर शेर थे, जिन्होंने रामभक्तों का संरक्षण किया, अपनी सत्ता की चिंता नहीं की। भाजपा मे 40-50 साल तपस्या की है, तब यह स्थिति बनी। अखिलेश पहले अपनी पार्टी के अंदर सफाई अभियान चलाएँ, तभी लोकतंत्र की बात करे। वही सांसद एवं अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा के अध्यक्ष साक्षी महाराज ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन की पूरी भूमिका कल्याण सिंह और उमा भारती के नेतृत्व में रची गई। उनके ही प्रयासों से आज भव्य मंदिर बनने से पूरे हिंदू समाज का मस्तक आज विश्व में ऊंचा हुआ है। यह लोधी समाज के नेता नहीं थे ये सबके नेता थे। अवंतीबाई ने सन सत्तावन में तलवार उठाई थी। कार्यक्रम को सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू भैया, विधायक एवं अखिल भारतीय लोधी महासभा के अध्यक्ष विपिन कुमार डेविड और पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने भी संबोधित किया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *