शामली पहुंचकर आरोप पत्र प्राप्त करेंगे निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार

बरेली। निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री सोमवार को शामली पहुंचेंगे। शामली पहुंचकर वह अपना आरोप पत्र प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार उन्हें बर्खास्त करने की कोशिश कर रही है जबकि वह इस्तीफा दे चुके हैं। आरोप पत्र प्राप्त कर अपना पक्ष मजबूती से रखेंगे। गणतंत्र दिवस के दिन पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने शंकराचार्य के तथाकथित अपमान और यूजीसी के विरोध में इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। रात मे डीएम से मुलाकात के बाद उन्होंने खुद को बंधक बनाए जाने और अपमान करने का आरोप भी लगाया था। 26 जनवरी की देर रात शासन ने उनको निलंबित कर शामली सम्बद्ध कर दिया था। इस मामले में कमिश्नर बरेली भूपेंद्र एस चौधरी को जांच अधिकारी नामित किया गया है। कमिश्नर ने गुरुवार को आरोप पत्र जिलाधिकारी शामली को भेज दिया है। अलंकार को अपना पक्ष रखने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। निलंबन के बाद से अलंकार प्रदेश भर में घूम-घूम कर अपनी बात उठा रहे हैं। रविवार देर शाम फोन पर हुई बातचीत में निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने बताया कि अभी तक शामली प्रशासन ने उन्हें नोटिस नही भेजा है। सोमवार को वह शामली पहुंचेंगे। वह खुद जाकर नोटिस रिसीव करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा उनको बर्खास्त करने की है जबकि वह खुद इस्तीफा दे चुके हैं। नोटिस प्राप्त कर मजबूती से अपने इस्तीफे के कारणों को उठाते हुए जवाब देंगे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *