शब ए बरात: इबादत मे गुजारी पूरी रात, गुनाहों से तौबा करके मांगी माफी

फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। जनपद मे शब ए बरात पर मंगलवार रात मुसलमानों ने इबादत करके गुजारी। गुनाहों से तौबा करके माफी मांगी गई। शहर से लेकर देहात तक के कब्रिस्तान में सजावट की गई। देर रात तक लोगों ने कब्रिस्तान में अपने बुजुर्गों की कन्न पर जाकर रोशनी करने के साथ फूल पेश किए। वहीं, दरगाह आला हजरत समेत शहर की अन्य दरगाह पर भी लोग हाजिरी के लिए पहुंचते रहे। घरों से जो लोग इस दुनिया से रूखसत हो गए, उनके लिए मगफिरत की दुआ की। घरों में हलवा के अलावा तरह-तरह के पकवानों पर नज्ज्ञ व नियाज का एहतिमाम किया गया। लोगों ने एक दूसरे से मिलकर और दूर-दराज के लोगों से फोन पर बात कर और मेसेज के जरिए गलती की माफी तलब की। दरगाह आला हजरत के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि दरगाह आला हजरत पर अकीदतमंदों ने हाजिरी देकर दरगाह प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां) व सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां से मिलकर दुआ कराई। दरगाह ताजुशशरिया, खानकाह-ए-नियाजिया, दरगाह शाहदाना वली, दरगाह तहसीनिया, दरगाह शाह शराफत अली मियां, बशीर मियां समेत सभी कब्रिस्तानों, दरगाह वली मियां, दरगाह नासिर मियां, दरगाह वामिक मियां, दरगाह मे अकीदतमंदों ने हाजिरी देकर मगफिरत की दुआ की। शब-ए-बरात के मौके पर बरेली हज सेवा समिति के संस्थापक पम्मी खां वारसी ने बताया कि चौपुला स्थित म्युडी के तकिये में पहुंचकर दुनिया से रूखसत हुए लोगों की मगफिरत के लिए दुआ की। कहा कि शब-ए-बरात रमजान से ठीक पहले आती है, इसलिए यह मुसलमानों के लिए रमजान की तैयारी का खास मौका है। अहद वारसी रेशू, नईम खान, दानिश खान सहित बड़ी संख्या में लोगो ने कब्रिस्तानों में पहुंचकर अपने बुजुगों के लिए मगफिरत की दुआ की। वहीं फतेहगंज पश्चिमी मे मंगलवार की शाम मगरिब की नमाज के बाद ही इबादत का सिलसिला शुरू हो गया, जो बुधवार सुबह तक जारी रहा। इस मौके पर मस्जिदों, कब्रिस्तानों और घरों में विशेष इबादत की गई। मुसलमानों ने नमाज अदा की, तिलावते कुरआन की और अपने गुनाहों से तौबा करते हुए अल्लाह से मगफिरत की दुआ मांगी। लोगों ने आने वाले समय में नेक राह पर चलने और परहेजगारी अपनाने का संकल्प लिया। घरों में नफिल इबादत के साथ साथ रोजा भी रखा गया। कब्रिस्तानों में अपने पूर्वजों की कब्रों पर फातिहा पढ़ी गई और दुआए मगफिरत की गई।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *