बरेली। जनपद मे नाइजीरिया के छात्र युसूफ बाला मुस्तफा और सूडान के अयूब अली के खिलाफ रुहेलखंड चौकी इंचार्ज मनीष भारद्वाज ने बारादरी थाने मे मुकदमा दर्ज कराया है। दोनों छात्रों पर वीजा अवधि मे विस्तार के लिए फर्जीवाड़ा करने का आरोप है। युसूफ बाला रुहेलखंड विश्वविद्यालय का छात्र है जबकि अयूब लुधियाना की सिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ता है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस यूसुफ को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। खुफिया इकाई भी सक्रिय हो गई है। यूनिवर्सिटी के हॉस्टल मे रहने वाले अन्य विदेशी छात्रों के संबंध मे भी पड़ताल की जा रही है। रुहेलखंड चौकी प्रभारी के मुताबिक एलआईयू से जानकारी मिली थी कि नाइजीरिया का युसूफ बाला मुस्तफा छात्र वीजा पर 19 जनवरी 2025 को भारत आया था। उसने लुधियाना की सिटी यूनिवर्सिटी में 31 जनवरी 2025 को बीसीए कोर्स में प्रवेश लिया। इसके बाद 19 जुलाई 2025 को महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड यूनिवर्सिटी (रुहेलखंड विश्वविद्यालय) में बीएमएस प्रथम वर्ष में प्रवेश ले लिया। युसूफ की वीजा अवधि 22 दिसंबर 2025 तक वैध है। युसूफ ने छात्र वीजा की अवधि बढ़ाने के लिए आवेदन किया। जिसके संबंध मे गोपनीय जांच और जानकारी की गई। सामने आया कि युसूफ जब सिटी यूनिवर्सिटी से रुहेलखंड विश्वविद्यालय मे बीएमएस पाठ्यक्रम मे प्रवेश लिया तो उसे नियमानुसार विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) अमृतसर से स्थानांतरण पंजीकरण प्रमाण व अनुमोदन प्रमाण पत्र प्राप्त करना था लेकिन उसने बिना अनुमोदन प्रमाण पत्र के ही रुहेलखंड यूनिवर्सिटी में प्रवेश ले लिया। इसके बाद छात्र ने वीजा अवधि विस्तार के लिए आवेदन किया। इसके लिए जाली पंजीकरण प्रमाण पत्र आवेदन के साथ अपलोड किया गया जो विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) लुधियाना से जारी होना दिखाया। छात्र से पूछने पर पता लगा कि आवेदन तथा रिकॉर्ड को अपलोड करने मे उसकी सहायता सूडान के अयूब अली ने की। इससे यह स्पष्ट होता है कि छात्र ने आर्थिक दंड वगैरह से बचने के लिए जानबूझकर जाली पंजीकरण प्रमाणपत्र तैयार कर ऑनलाइन वीजा विस्तार आवेदन मे अपलोड किया है। दोनों छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दिल्ली स्थित नाइजीरिया के दूतावास को छात्र के संबंध में जानकारी दे दी गई है। उधर इस संबंध मे एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि पूछताछ और जांच मे सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
