राजस्थान/बाड़मेर- जिला विकास से जुड़ी विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा तथा बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विकास समन्वयक एवं निगरानी समिति (दिशा) की दो महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें पहली बैठक मंगलवार, 25 नवंबर को बाड़मेर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में प्रातः 11:00 बजे तथा दूसरी बैठक गुरुवार, 27 नवंबर को पंचायत समिति सभागार, बालोतरा में प्रातः 11:00 बजे सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल की अध्यक्षता में आयोजित होगी।
इन बैठकों में दोनों जिलों बाड़मेर एवं बालोतरा में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति, बजट उपयोगिता , लंबित प्रकरण, विभागीय समन्वय, सार्वजनिक समस्याओं के समाधान तथा सांसद द्वारा निर्धारित प्राथमिकताओं पर विस्तृत समीक्षा की जाएगी। विशेष रूप से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, पीएम आवास योजना, मनरेगा, शिक्षा, चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाएं—पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क निर्माण, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, ग्रामीण विकास तथा औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।
सांसद बेनीवाल विभागीय अधिकारियों को योजनाओं में गति लाने, लंबित कार्यों को प्राथमिकता देने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करेंगे। बैठकों में सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं समिति सदस्यों को समय पर उपस्थित रहने तथा योजनाओं से संबंधित अद्यतन जानकारी सहित भाग लेने के निर्देश दिए गए हैं।
– राजस्थान से राजूचारण
