विकास कार्यों की जांच को आंवला मे पहुंची टीम

आंवला, बरेली। पांच सभासदों सहित छह लोगों की शिकायत पर बरेली मंडलायुक्त के आदेश पर टीएसी टीम ने सोमवार को दूसरी बार आंवला मे नगर पालिका के विकास कार्यों का निरीक्षण किया। टीम ने छह विकास कार्यों की स्थलीय जांच की और दो स्टील के सूचना बोर्ड उखड़वाए। सोमवार को ग्राम्य विकास विभाग बरेली के प्राविधिक परीक्षक राजेश कुमार, सहायक नीरज सक्सेना ने मिर्जापुर और तेली मोहल्ला मे सीसी रोड का निरीक्षण किया। उन्होनें रोड को खोदकर उसकी गहराई और मानक की जांच की। उन्होनें बताया कि जरूरत पड़ी तो निर्माण सामग्री प्रयोगशाला भेजकर जांच कराई जाएगी। बदायूं रोड स्थित चकरोड से पुलिया तक नाला, केशव कॉलोनी के नाले को चेक किया गया। इसमे शिकायत थी कि केशव कॉलोनी के नाले की चौड़ाई अधिक थी, बाद मे इसे कम चौड़ाई का बनाया गया। मनौना व रामनगर रोड के सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट पोल देखे गए। जिसमें नए और पुराने पोल लगे हुए पाए गए हैं, जिनके अभिलेखों का परीक्षण किया जाएगा। विलायतगंज व थानागेट मोड़ पर लगे स्टील के साइन बोर्ड को उखाड़कर उनका वजन कराया गया। प्राविधिक परीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि शिकायत में 25 बिंदु है। इनमें 15 के स्थलीय जांच का कार्य पूरा हो गया है। इससे पूर्व में भी विकास कार्यों की जांच की गई थी। इस दौरान ईओ जितेंद्र कुमार, अवर अभियंता प्रमोद कुमार, शिकायतकर्ता विशम्बर दयाल, सूरजपाल मौर्य, सचिन गुप्ता, सभासद पति जितेंद्र चंद्रा, दिनेश मौर्य आदि मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *