वर्षा की हत्या या आत्महत्या: पति सहित तीन आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

आगरा। शाहगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवती की मौत हो गई थी। युवती के भाई ने पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने देर रात पति, ससुर और देवर को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को तीनों को जेल भेज दिया गया है। तीन आरोपियों की गिरफ्तारी होने के बाद हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारियों का भी गुस्सा शांत हो गया है।

बता दें कि शाहगंज निवासी वर्षा ने अगस्त 2020 में चिल्लीपाड़ा निवासी कार मैकेनिक फईम से कोर्ट मैरिज कर ली थी। शादी के बाद दोनों बाहर चले गए थे। कुछ महीने पहले दोनों अपने घर आ गए। वर्षा पति फईम के साथ चिल्ली पाड़ा में ही रह रही थी। शुक्रवार शाम को वर्षा के परिजनों को सूचना मिली कि वर्षा ने आत्महत्या कर ली है। वर्षा का भाई दुष्यंत और भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के ब्रज क्षेत्र के महामंत्री गौरव राजावत, शहर अध्यक्ष शैलू पंडित सीओ और इंस्पेक्टर के साथ वर्षा की ससुराल पहुंचे। यहां दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। फईम पक्ष के लोगों का आरोप है कि हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारियों ने फायरिंग के साथ पथराव किया है। वहीं दुकानों में भी तोड़फोड़ की। इधर हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि फईम पक्ष ने उन पर फायरिंग की है और पथराव किया है।

देर रात विधायक योगेंद्र उपाध्याय, पुरुषोत्तम खंडेलवाल के नेतृत्व में भी वर्षा को न्याय दिलाने के लिए हंगामा हुआ।पुलिस ने वर्षा के भाई दुष्यंत की तहरीर पर पति, सास, ससुर, देवर और ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ लोहामंडी सौरभ सिंह ने बताया कि पति फईम, ससुर कय्यूम, देवर नईम की पुलिस ने गिरफ्तारी कर ली है। तीनों को जेल भेज दिया गया है।

गौरव राजावत के पक्ष में रूई की मंडी में कुछ दुकानदारों ने शनिवार को अपनी दुकानें भी बंद की। पुलिस ने समझा-बुझाकर सभी दुकानें खुलवा दी। एसएसपी ने भारी संख्या में पुलिस बल क्षेत्र में तैनात कर रखा है। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि कल रात से ही सेक्टर स्कीम लागू कर दी गई है।

– योगेश पाठक आगरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *