लापता युवक का नौ दिन बाद नाले मे मिला शव, नाराज परिजनों ने सड़क पर लगाया जाम, हत्या का आरोप

आंवला, बरेली। जनपद के थाना आंवला क्षेत्र के गांव पनवड़िया निवासी 30 वर्षीय विनोद का शव गांव के पास नाले मे मिला। गुरुवार की सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर आंवला-बदायूं मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा किया। आंवला थाना पुलिस ने मौके पर जाकर शव सील करने की कोशिश की तो तीखा विरोध झेलना पड़ा। पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। इसके बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने बताया कि नौ दिन पहले विनोद लापता हो गए थे। उनकी पत्नी ने 14 मार्च को थाने मे गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों ने बताया कि वह विनोद की तलाश मे जगह-जगह भटक रहे थे। थाने के चक्कर लगा रहे थे। शक के आधार पर उन्होंने कुछ लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी थी। मामले मे इंस्पेक्टर केबी सिंह ने बताया कि तीन दिन पहले परिजनों की तहरीर मिली थी। इसके आधार पर गुमशुदगी दर्ज की गई। शव की हालत ऐसी नही है जो हत्या का अंदाजा लगाया जा सके। पोस्टमार्टम कराकर ही सच्चाई का पता लगेगा। उधर, परिजनों ने बताया कि विनोद के पास उसके पिता के साथ ही दो अविवाहित चाचा की संपत्ति भी थी इसलिए कई लोग उसे कर्ज देते रहते थे। खेत मे सिंचाई को लेकर भी विनोद का कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था। सीओ आंवला नितिन कुमार ने बताया कि परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। विवेचना में सच्चाई सामने लाई जाएगी। जल्द खुलासा किया जाएगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *