सीबीगंज, बरेली। तेज रफ्तार एक रोडवेज बस ने बाइक सवार नाना-नाती को टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए महानगर के एक निजी अस्पताल भेज दिया जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से दोनों मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया। घटना गुरुवार दोपहर में करीब दो बजे झुमका तिराहे पर हुई। बरेली स्थित थाना शाही क्षेत्र के गांव दौली जवाहर लाल निवासी शहजिल (20) पुत्र यासीन खान अपने नाना शरीफ खान निवासी धंतिया फतेहगंज पश्चिमी के घर आया था और उन्हें बाइक पर बैठा कर झुमका तिराहा स्थित पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने जा रहा था। वह जैसे ही पेट्रोल पंप की तरफ मुड़ा। इसी दौरान लखनऊ से दिल्ली की तरफ से जा रही रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए महानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक शहजिल अपने मां बाप का इकलौता बेटा था। वह एक निजी कॉलेज में पॉलिटेक्निक का छात्र था।।
बरेली से कपिल यादव