बरेली। कार्तिक पूर्णिमा पर रामगंगा स्नान के दौरान एक युवक की डूबकर मौत हो गई। मामला सुभाषनगर थाना क्षेत्र मे रामगंगा के चौबारी घाट की है जहां गंगा स्नान के दौरान एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। जिसके बाद घाट पर स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं मे अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार संजय नगर के अशोक नगर कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय कपिल अपने चाचा और फूफा के साथ कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने चौबारी मेला गया था। इस दौरान नदी की गहरी धार मे पहुंचने पर वह डूब गया। जिसे वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिजनों का बुरा हाल है। मृतक की बहन ने बताया कि वह चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था जो गद्दे की दुकान पर काम करता था। फिलहाल सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।।
बरेली से कपिल यादव
