बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडेय ने सोमवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय फतेहगंज पश्चिमी का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने बालिकाओं को प्रतिदिन दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की विस्तार से जांच की। विद्यालय परिसर की साफ-सफाई का भी गहन निरीक्षण किया। जिससे बच्चों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर पुष्पा पांडेय ने बालिकाओं को साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया और उन्हें इंटरनेट पर सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक सतर्कता के बारे में समझाया। साथ ही उन्होंने बच्चों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीकी शिक्षा के बारे मे भी जानकारी दी। जिससे वे आधुनिक तकनीक की समझ विकसित कर सकें और भविष्य में इसका सही उपयोग कर सकें। पुष्पा पांडेय ने बालिकाओं से उनके व्यक्तिगत और शैक्षणिक समस्याओं को भी सुना। विद्यालय प्रशासन से इन समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन लिया। इस मौके पर विद्यालय का समस्त स्टाफ भी उपस्थित रहा।।
बरेली से कपिल यादव