बरेली। राजकीय हाईस्कूल अलीनगर, भोजीपुरा (बरेली) के प्रांगण में मंगलवार को वार्षिकोत्सव, पुरस्कार वितरण एवं पुरातन छात्र सम्मेलन का आयोजन किसी उत्सव की भांति अत्यंत भव्यता और उत्साह के साथ संपत्र हुआ। विद्यालय का कोना-कोना उत्सव के रंगों में सराबोर नजर आया, वहीं वर्तमान विद्यार्थियों की ऊर्जा और पुरातन छात्रों की स्मृतियों का अद्भुत मिलन हुआ। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ कला और ज्ञान की अधिष्ठात्री माँ शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात मंच पर नन्हें कलाकारों ने अपनी कला का ऐसा जादू बिखेरा कि दर्शक दीर्घा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठी। स्वागत गीतों की मधुरता से लेकर अमन और रिफा की शायरी ,स्कूल ड्रामा ,जोकर डान्स और सास बहू का नाटक में छात्रों ने समा बांध दिया । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद क्षेत्रीय कार्यालय बरेली ने छात्रों को आगे बढ़ने के लिये प्रेरित किया ।संस्कृतिक कार्यक्रमो के मंचन ने दर्शकों को हास्य और रोमांच से मन भर दिया। समारोह में गणमान्य अतिथियों द्वारा उन मेधावियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने विज्ञान प्रदर्शनी, खेल-कूद, रंगोली और कला, कैरियर गाइडेन्स कार्यक्रम जैसी प्रतियोगिताओं में विद्यालय एवं जनपद स्तर पर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। मुख्य अतिथि डॉ एस एन मिश्रा सहायक सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद क्षेत्रीय कार्यालय बरेली विशिष्ट अतिथि वीरेन्द्र गंगवार जी करम खान प्रधान जी अलीनगर आनंदी राम शराफत हुसैन राजेश कुमार कालीचरन ने विद्यार्थियों को प्रमाण
पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। भारतीय सेना के पुरातन छात्र रिजबान ने सभी छात्रों से देश सेवा करने का आहवान किया एवं विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण एवं चारित्रिक उत्थान का मार्ग दिखाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज दिवाकर
ने विद्यालय की प्रगति का विकास वृतांत प्रस्तुत किया। उन्होंने न केवल विद्यालय की उपलब्धियों को रेखांकित किया, बल्कि भविष्य की योजनाओं से भी सभी को अवगत कराया। कार्यक्रम का एक भावुक क्षण पुराछात्र सम्मेलन रहा, जहाँ विद्यालय की पुराने छात्रों को सम्मानित कर उन्हें विद्यालय के विकास में भागीदारी करने को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम की सफलता में कक्षा 9 की छात्रा, अर्शी का काव्य पाठ 10 के छात्र रिजबान और शिक्षिका अनामिका वर्मा एवं आकांक्षा श्री वास्तव के संयुक्त एवं ओजस्वी संचालन का विशेष योगदान रहा। समारोह को सुव्यवस्थित रूप देने में जितेन्द्र कुमार सिंह, अमन अंसारी और कनिष्ठ सहायक राजेश्वरी का सहयोग सराहनीय रहा। अंत में, प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति समर्पित सहने का संकल्प दिलाया। राष्ट्रगान के साथ इस अविस्मरणीय उत्सव का समापन हुआ।
– बरेली से पी के शर्मा
