बरेली। फरीदपुर से भाजपा विधायक प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल का शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। शुक्रवार को उनके आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को उनका पार्थिव शरीर भाजपा के झंडे में लपेटकर अंतिम यात्रा के लिए बरेली से फरीदपुर के मुक्तिधाम ले जाया गया, जहां उनके बेटे ईशान ग्वाल ने मुखाग्नि दी। पुलिस के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। शुक्रवार को बरेली के सर्किट हाउस मे जनप्रतिनिधियों और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद अचानक हार्ट अटैक से विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन हो गया था। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक गलियारों और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। शनिवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद बरेली से उनके पार्थिव शरीर को फरीदपुर ले जाया गया। दोपहर करीब डेढ़ बजे फरीदपुर स्थित विधायक के कैंप कार्यालय पर जैसे ही पार्थिव शरीर पहुंचा, अंतिम दर्शन के लिए हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों की आंखें नम थीं और माहौल गमगीन हो गया। करीब डेढ़ घंटे तक पार्थिव शरीर को कैंप कार्यालय पर रखा गया, जहां जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों के लोगों और आम नागरिकों ने श्रद्धांजलि दी। इसके बाद विधायक की अंतिम शव यात्रा निकाली गई। अंतिम यात्रा मेन रोड से होते हुए स्टेशन रोड के रास्ते मुक्तिधाम पहुंची। यात्रा के दौरान हर वर्ग के लोग नम आंखों से अपने लोकप्रिय नेता को अंतिम विदाई देते नजर आए। मुक्तिधाम पहुंचने पर पुलिस के जवानों ने राजकीय सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अंतिम संस्कार में भाजपा के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी समेत विभिन्न राजनीतिक एवं समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। डॉ. श्याम बिहारी लाल के निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए लोगों ने उनके योगदान को याद किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, मेयर डॉ. उमेश गौतम, बिथरी विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, शाहजहांपुर में कटरा के विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस, बदायूं के नगर विधायक महेश गुप्ता, भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, बरेली के जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना के अलावा पवन शर्मा, पूरनलाल लोधी, राजकुमार शर्मा, उमेश कठेरिया, डॉ. विमल भारद्वाज, प्रो. एसएस बेदी, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी, प्रो. अलाउद्दीन खां आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
