बरेली। गुरु तेग बहादुर के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में संजय नगर स्थित दुख निवारण साहिब गुरुद्वारा में मुख्य दीवान सजाया गया। भाई अमरजीत सिंह के जत्थे ने आसा की वार का कीर्तन किया। आकाशदीप सिंह ने गुरुवाणी का कीर्तन, लुधियाना से आए रागी बलप्रीत सिंह और जीवन सिंह ने शबद गायन कर संगत को निहाल कर दिया। प्रकाश पर्व की शुरुआत अरदास के साथ हुई। रागी जत्थों ने ‘वाहेगुरु’ के गुणगान से समस्त संगत को आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त कराया। ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने गुरु तेग बहादुर के जीवन के बारे में बताया। संगत ने मत्था टेक कर गुरु का आशीर्वाद लिया। मुख्य दीवान के साथ सेवा भावना के तहत कई सामाजिक कार्यों का भी आयोजन किया गया। निशुल्क मेडिकल कैंप में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सैकड़ों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्हें उचित परामर्श दिया। जिला अस्पताल की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया। संगत की सेवा के लिए विशेष रूप से लंगर की व्यवस्था की गई। गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान एमपी सिंह ने बताया कि सेवा, सिमरन और संगत ही मानव जीवन के मूल आधार हैं। गुरुद्वारे में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने मत्था टेक कर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। डॉ. विनोद पागरानी, हरप्रीत सिंह बिंद्रा, अमरजीत सिंह बख्शी, अमरजीत सिंह, ज्ञानी काला सिंह, परमजीत सिंह सलूजा, गुरुदर्शन सिंह, अश्वनी ओबराय, मनोज अरोड़ा आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव