बरेली। सोमवार को जिले मे यातायात माह का शुभारंभ हो गया। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम को आईजी रमित शर्मा ने संबोधित किया। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली ने शहर भर में भ्रमण किया। आईजी ने बताया कि यातायात माह मे बिना हेलमेट, बिना डीएल, ओवर स्पीड, नाबालिगों के वाहन चलाने और बिना सीट बेल्ट के वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शहर के प्रमुख चौराहों पर लोगों में जागरूकता लाने के लिए अभियान चलेगा। इस दौरान स्कूल-कॉलेज में भी छात्र-छात्राओं को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी जाएगी। आईजी का कहना है कि सड़कों पर होने वाले हादसों का मुख्य कारण हमारी अनदेखी होता है। अगर हम ध्यान से वाहन को चलाएं तो ज्यादातर दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। यातायात के नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। इस मौके पर उन्होंने बरेली की जनता से अपील की कि यातायात माह को मनाने के पीछे कारण देश में हो रही दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है। इस रैली में सिविल डिफेंस, एनसीसी के छात्र-छात्राएं और बरेली शहर के बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों ने भाग लिया।।
बरेली से कपिल यादव