दिल्ली- उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चल रही चर्चा में भाग लिया। इस दौरान कन्नौज सांसद के निशाने पर भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रहे। अखिलेश यादव ने एक शायरी के जरिए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मैं दुनिया को मनाने में लगा हूं, मेरा अपना घर ही मुझसे रूठा जा रहा है। अखिलेश यादव की इस शायरी को भारतीय जनता पार्टी की तथाकथित अंदरूनी कलह पर हमले के रूप में देखा जा रहा है। अब उनकी यह शायरी सोशल मीडिया पर खासा वायरल हो रही है।पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में दूसरे दिन की चर्चा के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मोर्चा संभाला। चर्चा के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष के लोगों को बधाई मिल रही है, सत्ता पक्ष को कोई बधाई नहीं दे रहा। इस दौरान उन्होंने एक शेर पढ़ा। उन्होंने कहा कि यह लाइनें मैं भाजपा के लिए कह रहा हूं। दो बार उन्होंने शायरी पढ़ी कि मैं दुनिया को मनाने में लगा हूं, मेरा घर मुझसे रूठा जा रहा है।अखिलेश यादव ने कहा कि हमें अपनी सेना पर गर्व है। भारतीय सेना दुनिया की सबसे साहसी फौज में से एक है। हालांकि, उन्होंने मीडिया पर तंज कसा। सपा अध्यक्ष ने कहा कि ऑपरेश जब चल रहा था तो कुछ चैनलों ने कराची पर कब्जे की बात कही। एक चैनल ने उनको पकड़ लिए जाने का दावा किया। अखिलेश ने पीओके के मुद्दे पर भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि किसी ने कहा कि छह माह का समय मिल जाए तो पीओके हमारा। मौका मिला तो इन लोगों ने सीजफायर कर दिया।
अखिलेश ने सवाल किया कि सीजफायर किसके कहने पर किया गया? तंज कसते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि इनकी मित्रता बहुत है। इन्होंने अपने मित्र से ही कहा कि आप ही सीजफायर का ऐलान कर दीजिए, हमारा कोई काम नहीं है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि क्या वजह थी कि सीजफायर का ऐलान किया गया, किस दबाव में सीजफायर हुआ? अखिलेश यादव इन दिनों लगातार भाजपा के भीतर अंदरूनी कलह का मुद्दा उठाते रहे हैं। वे दावा करते रहे हैं कि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का भाजपा केंद्रीय नेतृत्व से संबंध सही नहीं है। पिछले दिनों उन्होंने सीएम योगी का कई नेताओं से संबंध ठीक न होने की बात कही थी। अब इसी प्रकार की बात वे लोकसभा की बहस के दौरान करते दिख रहे हैं। अखिलेश यादव की कोशिश अपने कार्यकर्ताओं को भाजपा के भीतर गुटबाजी के कारण स्थिति कमजोर होने का संकेत देने की दिख रही है।
मैं दुनिया को मनाने में लगा हूं, मेरा घर मुझसे रूठा, संसद में अखिलेश यादव का BJP पर तंज
