मुख्यमंत्री योगी ने की मंडलीय समीक्षा बैठक, बोले- घर से निकलें कार्यकर्ता, वोटरों की करें मदद

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार की शाम बरेली पहुंचे। उन्होंने यहां सर्किट हाउस मे जनप्रतिनिधियों और अफसरों के साथ मंडलीय समीक्षा बैठक की। बैठक मे मंडल के विकास कार्यों की प्रगति जानी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एसआईआर को लेकर जनप्रतिनिधि और पार्टी संगठन बूथ स्तरीय समितियों को पूरी तरह से सक्रिय करें। हर पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने घरों से निकलें और एसआईआर कराने में वोटरों की मदद करें। यदि जानकारी के अभाव में महदाता अब तक फार्म भरकर जमा नहीं कर सके हैं तो ऐसे लोगों की मदद कर फार्म जमा कराएं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार शाम करीब पांच बजे वाराणसी से बरेली एयरपोर्ट पहुंचे। सर्किट हाउस में शाम साढ़े पांच बजे से उन्होंने एसआईआर की मंडलीय समीक्षा बैठक शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि जो विधानसभा क्षेत्र मैपिंग में पिछड़ गए है उन्हें बढ़ हुए समय में पूरी ताकत झोंकनी होगी। एसआईआर का काम पूरा कराने के लिए पार्टी पदाधिकारी सिर्फ सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के भरोसे न बैठे रहें। घरों से बाहर निकलकर हर वोटर के दरवाजे पर दस्तक दें। एसआईआर कराने में उनकी परेशानियों को दूर करें। यदि किसी जानकारी के अभाव मे मतदाता अपना नाम वोटरलिस्ट मे शामिल करने के लिए अब तक फार्म भरकर जमा नही कर सके हैं तो ऐसे लोगों की मदद कर फार्म जमा कराएं। इस बात का भी ध्यान रखें कि जिन लड़कियों की शादी कहीं और हो गई है और उनके वोट दूसरी जगह बन गए हैं तो उनके पिता के घरवाले पते से कटने चाहिए। बैठक में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, जल शक्ति विभाग मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, जिले के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, वन राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, बरेली के सांसद, मेयर और विधायक व भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *