बाड़मेर / राजस्थान- राजस्थान को देश के अग्रणी राज्यों में लाने के लिए राज्य सरकार ने ‘मिशन 2030‘ का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंगलवार को विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने के लिए आमजन से सुझाव आमंत्रित करेंगे।
जिला कलक्टर अरूण कुमार पुरोहित ने बताया कि मंगलवार को 12.00 बजे भगवान महावीर टाउन हाल में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया जायेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राज्य सरकार के कुशल वित्तीय प्रबंधन और जनकल्याणकारी योजनाओं से हर व्यक्ति को लाभान्वित करने की सरकार की नीति के बारे में जानकारी देंगे। साथ ही मिशन 2030 की मुहिम चलाकर अर्थशास्त्रियों, लेखकों, पत्रकारों, विद्यार्थियों, सरकारी कर्मचारियों, अधिवक्ताओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं, बुद्धिजीवियों, खिलाड़ियों सहित एक करोड़ प्रदेशवासियों से सुझाव लिए जाएंगे। राज्य सरकार इन्हें समाहित कर मिशन 2030 का विजन डॉक्यूमेंट जारी करेगी।
गहलोत ने कहा कि वर्ष 2018-19 में प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब 9 लाख 11 हजार करोड़ रुपए थी। यह आज करीब 14.14 लाख करोड़ रुपए है। इसे वर्ष 2030 तक करीब ढाई गुना बढ़ाकर 35.71 लाख करोड़ रुपए ले जाने का हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक राजस्थानी संकल्प ले कि वे वर्ष 2030 तक राजस्थान में प्रगति की गति 10 गुना बढ़ाकर हर क्षेत्र में देश का प्रथम राज्य बनाने में अहम योगदान निभाएंगे।
जिला कलक्टर ने बताया कि इस समारोह की व्यापक तैयारी की गई है और सभी संबन्धित विभागों को अलग अलग दायित्व सौंपा गया है।उन्होंने बताया कि विकसित राजस्थान 2030 दस्तावेज तैयार करने के लिए जिले के प्रबुद्ध जनों, विषय विशेषज्ञों, हितधारकों , युवाओं एवं समाज के सभी वर्गों से अपेक्षाएं, सुझाव और विचार आमंत्रित करने के लिए उन्हें कार्यक्रम में बुलाया गया है।
– राजस्थान से राजूचारण