शीशगढ़, मानपुर। जनपद के थाना शीशगढ़ क्षेत्र के गांव रसूलपुर मे गुरुवार रात हथियारों से लैस आठ बदमाश एक घर मे दीवार कूदकर घुस गए और महिला को बांधक बना लिया। विरोध करने पर महिला को रॉड से पीटा। बदमाश लाखों रुपये के जेवर और 30 हजार की नकदी लूटकर ले गए। मामले मे पुलिस को तहरीर दी गई है। पीड़ित अन्नाबती ने बताया कि गुरुवार रात 9 बजे घर मे एक बदमाश दीवार कूदकर घर मे घुस आया और उन्हें धमकाकर चाबी लेकर गेट खोल दिया। बाहर मौजूद सात बदमाश घर के अंदर घुस आए। सभी बदमाश चाकू, हथियारों से लैस थे। जिन्हें देख वह घबरा गई। बदमाशों ने महिला पर चाकू व रॉड से हमला किया और मोबाइल भी छीन लिया। पीड़िता के छोटे लड़के सतेंद्र ने बताया कि उनकी मां के मुंह पर कपड़ा बांधकर बदमाशों ने घर से सोने का हार, अंगूठी, चेन, चांदी के जेवर और 30 हजार रुपये ले गए। वारदात के समय महिला के पति छत पर सो रहे थे। सास नीचे घर मे सो रही थी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश जंगल की तरफ भाग निकले। महिला ने शोर मचाया तब पति और गांव के लोगों को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर डायल 112 और शीशगढ़ पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच की। ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी कई बार इनके यहां ऐसी वारदातें हो चुकी है। इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव