महाशिवरात्रि पर शिवमय हुई नाथनगरी, शिवालयों मे उमड़ी भक्तों की भीड़

* जयकारों से गूंजे शिवालय, फूलों से सजी नाथनगरी

बरेली। जनपद मे महाशिवरात्रि पर्व को लेकर सुबह से ही मंदिरों में शिवभक्तों का सैलाब देखा गया। भोलेनाथ के उद्घोष से नाथ नगरी शिव मय हो गई। सुरक्षा की दृष्टि से सभी प्रमुख मंदिरों में पुलिस बल तैनात रहा। बड़ी संख्या में कांवड़िए गंगाजल लेकर पहुंचे और ब्रह्ममुहूर्त में भोलेनाथ का विधिपूर्वक अभिषेक किया। श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का यह नजारा देखते ही बन रहा था। महाशिवरात्रि पर भगवान शिव की बरात निकाली गयी। स्वागत के लिए प्रमुख मार्गों के साथ तिराहों-चौराहों पर फूलों से सजावट की गई है। रोशनी से जगमग नाथनगरी सबको आकर्षित कर रही है। महाशिवरात्रि पर शहर मे ऐसी सजावट पहली बार की गई है। बीडीए ने प्रिदर्शनीनगर में अपने कार्यालय के सामने शिव की मूर्ति को विराजमान कराया। गमले और फूल लगाकर लाइटिंग कराई। वही शहर के प्राचीन बाबा अलखनाथ मंदिर, धोपेश्वरनाथ, पशुपतिनाथ, मढ़ीनाथ, वनखंडी नाथ, तपेश्वरनाथ समेत अन्य मंदिरों में सुबह चार बजे से भक्तों का तांता लगा रहा। भक्त भगवान भोलेनाथ को प्रसाद, भांग, धतूरा, बेर, बेलपत्र, शहद व दूध और जल से अभिषेक कर रहे थे। लाइन में लगे शिव भक्त अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। हर-हर महादेव के जयघोष के साथ महादेव का जलाभिषेक किया गया। कैंट स्थित बाबा धोपेश्वरनाथ मंदिर मे महाशिवरात्रि के चलते देर रात से भक्तों की भारी भीड़ के चलते बाबा के दर्शन किए जा रहे है। लाइन में बच्चे बूढ़े महिला, पुरुष सभी लोग हर हर महादेव के नारे लगाते हुए बाबा के दर्शन कर रहे है। मान्यता है कि जो कोई भी सच्चे मन से धोपेश्वरनाथ बाबा से मनोकामना मांगता है। उसकी मनोकामना बाबा पूरी जरूक करते है। वनखंडी नाथ मंदिर में मध्यरात्रि से ही श्रद्धालुओं भीड़ लगना शुरू हो गई थी। तमाम भक्तों ने आधी रात से जलाभिषेक शुरू कर दिया जबकि मंदिर के महंत और पुजारियों ने रात एक बजे के बाद भोलेनाथ को जल चढ़ाया। इसके अलावा तमाम मंदिरों में भोर में तीन से चार बजे के बीच जलाभिषेक शुरू हुआ। तपेश्वरनाथ मंदिर में सुबह छह बजे से ही भक्तों की लंबी कतार लग गई। भक्तों ने अपने बारी आने पर जलाभिषेक किया। वही मढ़ीनाथ, अलखनाथ, धोपेश्वरनाथ आदि मंदिर के प्रांगण मे मेला लगा था। जहां बच्चे खिलौने आदि की खरीदारी करते नजर आए। बच्चे खिलौने खरीदकर काफी खुश नजर आ रहे थे। शहर से लेकर देहात तक शिव मंदिरों में उल्लास छाया रहा। वही आंवला क्षेत्र स्थित प्राचीन गौरीशंकर धाम शिव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना की। मंदिर मे तीन दिवसीय महाशिवरात्रि मेले का आयोजन किया जा रहा है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए। आंवला एसडीएम नहनेराम और सीओ मीरगंज अंजनी कुमार तिवारी की देखरेख में मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग की गई है। श्रद्धालुओं को धूप से बचाने के लिए अस्थाई चांदनी लगाई गई है। भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। मंदिर परिसर मे सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। व्यवस्था में सहयोग करने वालों को आई कार्ड जारी किए गए है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *