बरेली। महानगर क्षेत्र मे पिछले 15 दिन से बिजली की व्यवस्था बेपटरी चल रही है। कभी भूमिगत केबल में फाल्ट तो कभी बंच केबल खराब हो रही है। आपूर्ति प्रभावित होने से हजारों उपभोक्ता सिस्टम की खामी भुगत रहे हैं। सब स्टेशन पर लगे ट्रांसफार्मर में शनिवार को खराबी होने से करीब तीन घंटे तक आपूर्ति प्रभावित रही। सिविल लाइंस तृतीय सब स्टेशन का सेटेलाइट फीडर शुक्रवार की देर रात ब्रेकडाउन में होने से कई घंटे तक संकट रहा। वहीं शनिवार को किला सब स्टेशन से जुड़े इलाकों में कटौती की गई। अन्य इलाकों में लोकल फाल्ट और ट्रिपिंग होने से उपभोक्ता बेहाल रहे। महानगर सब स्टेशन के 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर की बुशिंग के नट बोल्ट से धुआं निकलने के चलते शनिवार की शाम 4:30 पर बिजली बाधित हो गई। कर्मचारियों को फाल्ट ठीक करने के लिए भेजा गया। इसके बाद शाम करीब 7 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। वहीं सिविल लाइंस तृतीय सब स्टेशन के 11 केवी सेटेलाइट फीडर शुक्रवार की देर रात 1:30 बजे पर ब्रेकडाउन मे चला गया। इसके बाद सुबह 6 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। साथ ही किला सब स्टेशन पर शनिवार की शाम पांच बजे से लेकर 7 बजे तक बिजली गुल रही। क्षेत्र रहने वाले संजीव शर्मा ने बताया कि हर रोज रात में बिजली गुल हो जाती है। शिकायत दर्ज कराने के लिए किला में बनाए गए हेल्प डेस्क पर कॉल करने पर नंबर हमेशा व्यस्त बताता है। वहीं सिविल लाइंस सब स्टेशन से जुड़े बटलर प्लाजा में पिछले पांच दिन से एक फेस नही आने की समस्या बनी हुई है। मुख्य अभियंता से लेकर अधीक्षण अभियंता तक शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नही किया गया है, जिससे बटलर प्लाजा के व्यापारियों में बिजली विभाग के खिलाफ रोष है। इसके अलावा 33 केवी आईवीआरआई फीडर पर पेड़ों की टहनियों की छंटाई का काम कराने के लिए बिजली आपूर्ति बंद रही, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।।
बरेली से कपिल यादव