राजस्थान/बाड़मेर- जैसलमेर – बालोतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने बाड़मेर राजकीय जिला अस्पताल को एक नई एम्बुलेंस भेंट की। सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीएलएडी) वर्ष 2025–26 के अंतर्गत स्वीकृत इस एम्बुलेंस को सांसद बेनीवाल ने हरी झंडी दिखाकर अस्पताल प्रशासन को सौंपा।
इस अवसर पर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने कहा कि राजकीय जिला अस्पताल में आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को लाने-ले जाने के लिए एम्बुलेंस सेवा की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। कई बार मरीजों को जोधपुर या अन्य स्थानों स्थानों के अस्पतालों में रेफर करने तथा दुर्घटना स्थलों से घायलों को अस्पताल तक लाने में एम्बुलेंस की कमी सामने आ रही थी। अस्पताल प्रशासन द्वारा आवश्यकता बताए जाने पर उन्होंने इसे प्राथमिकता देते हुए तत्काल अनुशंसा जारी की, जिसके फलस्वरूप आज एम्बुलेंस अस्पताल को उपलब्ध कराई गई उठाए सांसद बेनीवाल ने कहा कि जिला अस्पताल में अन्य संसाधनों की भी कमी है, जिनकी मांग सामने आई है। भविष्य में इन आवश्यकताओं को भी पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि उनकी मंशा संसदीय क्षेत्र के तीनों जिला मुख्यालयों बाड़मेर, बालोतरा और जैसलमेर के जिला अस्पतालों को एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने की थी। बाड़मेर जिला अस्पताल को एम्बुलेंस भेंट कर दी गई है तथा बालोतरा जिला अस्पताल को शीघ्र ही एम्बुलेंस दी जाएगी। वहीं जैसलमेर जिला अस्पताल द्वारा यह कहते हुए एम्बुलेंस लेने से मना कर दिया गया कि उसके संचालन हेतु खर्च वहन करने की उनकी क्षमता नहीं है। इस पर चिंता व्यक्त करते हुए सांसद बेनीवाल ने कहा कि यदि जिला अस्पतालों की स्थिति ऐसी है कि वे एम्बुलेंस सेवा तक संचालित नहीं कर पा रहे हैं, तो स्वास्थ्य सेवाओं की हालत का अंदाजा लगाया जा सकता है। यह स्थिति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सीमांत जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। सरकार भले ही दो वर्षों की सफलता का दावा कर रही हो, लेकिन वास्तविकता में हालात बेहद खराब हैं। आवश्यक है कि सरकार धरातल पर जाकर वास्तविक परिस्थितियों का आकलन करे और सुधार के ठोस कदम उठाए।
– राजस्थान से राजूचारण
