बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निर्धन परिवार को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब कन्याओं का विवाह कराती है। जिसमें सरकार की ओर से कन्या के खाते मे बीस हजार रुपये की सहायता राशि के साथ साथ तीस हजार रुपये का जरूरी सामान दिया जाता है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत नगर निगम प्रशासन ने विवाह समारोह का आयोजन कर 15 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह कराने के साथ ही नवदंपत्तियों को आकर्षक उपहार प्रदान किए। विवाह समारोह नगर आयुक्त की देखरेख में संपन्न हुआ। प्रदेश सरकार के दिशा निर्देशन में नगर निगम हर वर्ष सामूहिक विवाह योजना के तहत निर्धन कन्याओं का विवाह कराता है। इस बार नगर निगम को 25 जोड़ों का विवाह संपन्न कराने का लक्ष्य दिया गया था लेकिन कोरोना महामारी के कारण इस बार केवल 15 आवेदक ही जांच के बाद योजना का लाभ ले सके। नगर निगम ने मकर संक्रांति के पावन पर्व पर बेदी वेंकट हाल में 15 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया। नगर आयुक्त अभिषेक आनंद, ललतेश कुमार सक्सेना व आरपी सिंह की देखरेख में विवाह धार्मिक रीति-रिवाज से संपन्न हुए।।
बरेली से कपिल यादव