फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। जनपद के थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र मे स्थित भिटौरा-बहेड़ी मार्ग पर रेलवे फाटक संख्या 371 बी पर डबल लेन ओवरब्रिज बनवाने का रास्ता साफ हो गया है। सेतु निगम और लोक निर्माण विभाग की ओर से ओवरब्रिज के लिए 66.21 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। शासन ने इस संयुक्त प्रस्ताव पर सहमति दे दी है। अब इसके लिए रेलवे की सहभागिता और अनुमति लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। रेलवे की सहमति और सहभागिता से ही निर्माण आरंभ हो सकेगा। भिटौरा-बहेड़ी मार्ग स्थित रेलवे फाटक पर ट्रेनों के जाने-जाने के समय लंबा जाम लगता है। क्षेत्रीय लोगों की ओर से यहां ओवरब्रिज बनवाने की मांग कई वर्षों से उठ रही थी। जन प्रतिनिधि भी यह मुद्दा उठाते आ रहे थे। आवागमन आसान बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग और सेतु निगम ने सर्वे कराकर डबल लेन ओवरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन ने जिलाधिकारी से भी इसकी रिपोर्ट मांगी थी। महीनों मंथन के बाद वित्तीय कमेटी ने रेलवे की सहभागिता से 66 करोड़ 21 लाख 67 हजार रुपये की लागत से ओवरब्रिज निर्माण की सहमति दे दी है। ओवरब्रिज निर्माण होने के बाद जब उसे यातायात के लिए खोल दिया जाएगा तब रेलवे क्रॉसिंग बंद की जाएगी। ओवरब्रिज बनने से इस क्रॉसिंग से गुजरने वाले शाही और शेरगढ़ ब्लॉकों के दर्जनों गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी ट्रेनों के गुजरने के दौरान जाम लगने पर क्षेत्र के लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ती है।।
बरेली से कपिल यादव
