नवाबगंज, बरेली। जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र में बाइक सवार दो दोस्तों को किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। दोनों सोमवार रात चेना गांव से लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मंगलवार को दोनों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया। थाना क्योलड़िया क्षेत्र के पुरैनिया गांव निवासी प्रेमपाल खेती किसानी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। उनका बेटा सुमित कुमार (21 वर्ष) थाना नवाबगंज क्षेत्र के चेना गांव के खेमकरन लाल गंगवार के पुत्र पुष्पेंद्र कुमार के साथ गांव में भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर बाइक से लौट रहा था। नवाबगंज-बरखेड़ा मार्ग पर बरखन गांव से पहले ईंट भट्ठा के पास उनकी बाइक को तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। तेज रफ्तार वाहन दोनों दोस्तों को बुरी तरह से रौंदते हुए निकल गया। हादसे में पुष्पेंद्र का एक हाथ कट गया और पेट कुचल गया। वही सुमित का सिर धड़ से लग हो गया। रातभर दोनों के शवों के ऊपर से तेज रफ्तार वाहन गुजरते रहे। जिससे दोनों के शव क्षत-विक्षत हो गए। पुलिस ने सुबह चार बजे के करीब दोनों की शिनाख्त कराई और परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को लेकर सीएचसी पहुंची, जहां जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों के परिजन पहुंच गए। चेना गांव निवासी पुष्पेंद्र कुमार के पिता खेमकरन लाल कोटेदार है। गांव में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान करते हैं। पुष्पेंद्र सबसे छोटा बेटा था। वह अपने पिता के काम मे हाथ बंटाता था। बड़ा बेटा सूरज गंगवार व मोहित कुमार सराफा का कारोबार करते है। उधर, सुमित कुमार की मां उर्मिला देवी और भाई अमित कुमार का रो-रोकर बुरा हाल था। सुमित बीफार्मा का छात्र था। सोमवार को परीक्षा देकर चेना गांव में अपने एक रिश्तेदार घर धार्मिक आयोजन के बाद भंडारे मे गया था। सीएचसी में दोनों के शवों को देखकर लोगों की आंखें नम हो गई।।
बरेली से कपिल यादव