बरेली। रामपुर गार्डन स्थित आनंद आश्रम में रविवार को आनंद आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर असंगानंद सरस्वती महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए शोक सभा का आयोजन हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में पहुंचकर श्रद्धालुओं ने उन्हें श्रद्धांजलि देकर नमन किया। आश्रम प्रबंध समिति के अध्यक्ष स्वामी ज्योतिर्मयानंद सरस्वती महाराज ने बताया कि असंगानंद सरस्वती महाराज बीते सोमवार को हरिद्वार स्थित आश्रम में ब्रह्मलीन हुए थे। संत परंपरा के अनुसार मंगलवार को ऋषिकेश में जल समाधि दी गई। उनकी सरलता, सहजता, करुणा और दिव्य हृदय की सुगंध सदैव हम सभी को मार्गदर्शन देती रहेगी। मंत्री अनिल अग्रवाल ने कहा कि महाराज ने अपना संपूर्ण जीवन सनातन परंपरा, संन्यास परंपरा, अद्वैत ज्ञान, शास्त्र अध्ययन और आध्यात्मिक तप के लिए समर्पित कर दिया। गोंडा के राधे श्याम दुबे और कथावाचक सतेंद्र शास्त्री ने कहा कि उनके हृदय में सभी प्राणियों के लिए दयालुता और करुणा थी। उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने कहा कि स्वामी असंगानंद महाराज के देवलोक गमन ने सबको शोकाकुल कर दिया, लेकिन संत कभी जाते नहीं हैं, केवल रूप बदलते हैं। इस दौरान कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, दीपेश खंडेलवाल, गिरीश अग्रवाल, आनंद स्वरूप अग्रवाल, शशि कांत मोदी, मीडिया प्रभारी अनुज अग्रवाल आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
