बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। विकास खंड क्षेत्र के कई गांवों मे डेंगू व वायरल बुखार ने बुरी तरह पैर पसार लिया है और सैकड़ों लोग बुखार से पीड़ित है। वही क्षेत्र के गांव अगरास मे बुखार के आने से लोगों की मौत हो रही है। मिली जानकारी के अनुसार फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव अगरास निवासी शकील अहमद पुत्र अमीर अहमद लगभग 30 वर्ष को तीन दिन पहले बुखार आया था। जिसका उन्होंने पहले गांव मे इलाज कराया जब कोई फायदा नही हुआ तो उन्होंने बरेली एक निजी अस्पताल मे भर्ती कराया। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। शकील की मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी शाहीन के साथ तीन बच्चे फैजान 2 वर्ष फरमान 4 वर्ष सहान 6 वर्ष को रोता बिलखता छोड़ गए। मृतक शकील अहमद कारचोबी का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। अब उसके परिवार के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो जायेगा। फतेहगंज पश्चिमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी संचित शर्मा ने बताया कि डेंगू से गांव अगरास निवासी एक महिला की मौत हुई है। गांव मे कैम्प लगाकर जांच कर दवा वितरण की गई है। टीम को गांव मे भेज कर घर घर जाकर जांच कराई जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
