बरेली। जनपद मे सहायक अध्यापक सर्वेश गंगवार की बीएलओ ड्यूटी के दौरान हुई मौत पर परिवार को सांत्वना देने सोमवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय कृष्णा होम्स स्थित आवास पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि एसआईआर कर्मियों पर भाजपा विरोधी के वोट काटने का मानसिक दबाव बना हुआ है। लिहाजा, मानसिक दबाव मे हार्टअटैक पड़ना या आत्महत्या की घटनाएं हो रही हैं। बिजनौर, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद आदि जिलों में घटनाएं हो रही है। इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और चुनाव आयोग की है, क्योंकि चुनाव में तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है। गौरतलब है कि कर्मचारी नगर दिवंगत बीएलओ सर्वेश गंगवार की बीते सप्ताह हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। इसके बाद जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंप मृतक बीएलओ के स्वजन को एक करोड़ का मुआवजा और एक नौकरी देने की मांग की थी। सोमवार को मृतक के परिवार से मिलने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मांग की कि बीएलओ सर्वेश गंगवार के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग दोहरायी। उन्होंने कहा कि चुनावी ड्यूटी पर लगाए जा रहे कर्मचारियों पर लगातार बढ़ता दबाव और संसाधनों की कमी गंभीर चिंता का विषय है। बताया कि सहायक अध्यापक सर्वेश की पत्नी का निधन तीन माह पूर्व हो चुका है। बच्चे अनाथ हो गए हैं। सरकार ने अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया है। जिससे परिवार का भविष्य सुधर सके। अगर परिवार के लिए सरकार आगे नहीं आएगी तो कांग्रेसी सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष से बात करते हुए शशिबाला ने कहा कि अभी तक सिर्फ प्रशासन से आश्वासन ही मिला है। जिलाधिकारी घर आए और उन्होंने भरोसा दिया था कि बच्चों के चाचा को संविदा पर नौकरी दिलाएंगे। देवर नेट क्वालिफाई हैं इसलिए योग्यता अनुरूप सरकारी नौकरी मिलनी चाहिए। कहा कि सर्वेश के घर का 28 लाख रुपये ऋण बकाया है। पूरा परिवार बच्चों के साथ ही रहेगा।।
बरेली से कपिल यादव
