बारिश मे चलती कार पर गिरा पेड़, बाल-बाल बचे दरोगा, भुता मे किसान का मकान गिरा

बरेली। जनपद मे सोमवार की सुबह जमकर बारिश हुई। बारिश के दौरान रामगंगा चौकी प्रभारी की कार पर अचानक पेड़ गिर पड़ा। इससे वह बाल-बाल बच गए। पेड़ गिरने से उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सोमवार की सुबह नौ बजे रामगंगा चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह अपनी क्रेटा कार से चौकी से थाने आ रहे थे। वह अकेले थे और कार खुद ही चला रहे थे। कैंट की दिशा मे वह जंक्शन रोड की तरफ बढ़े तभी एक विशालकाय पेड़ उनकी कार पर गिर पड़ा। गनीमत रही कि यह कार की छत तोड़ता हुआ पिछली सीट पर आ गिरा। कार जरा सी पीछे रही होती तो यह ड्राइविंग सीट पर गिर सकता था। अचानक हुए घटनाक्रम से धर्मेंद्र सिंह अवाक रह गए और कार से निकलकर बाहर आ गए। बाद मे उन्होंने सहकर्मियों को बुलाया और क्रेन से कार पर पड़े पेड़ को हटाया जा सका। वही थाना भुता क्षेत्र के गांव गुलरिया हजारीलाल मे बारिश के कारण एक किसान का मकान गिरकर ध्वस्त हो गया। अंचल शर्मा ने बताया कि वह रविवार की रात को परिवारजनों के साथ अपने मकान की छत के नीचे सो रहे थे। अचानक उनको आहट सी हुई की दीवारें दरक रही है। उन्होंने परिजनों को जगा दिया। सभी घर से निकाल कर बाहर आ गए। इसके कुछ ही देर बाद मकान की दीवार ढह गई। उसके बाद मकान का अन्य हिस्सा भी गिरने गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण इकट्ठे हो गए। गनीमत रही कि सभी लोग पहले घर से बाहर आ गए थे। किसान का सारा सामान मलबे के नीचे दबकर नष्ट हो गया। पीड़ित किसान ने इसकी सूचना उपजिलाधिकारी फरीदपुर को दी। इसके बाद लेखपाल रेनू राना ने जाकर जांच पड़ताल की। किसान को प्रशासन से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *