आंवला, बरेली। जनपद के थाना आंवला क्षेत्र मे बुधवार रात बारिश के दौरान हादसा हो गया। रामनगर चौकी क्षेत्र के गांव भीमलौर में रात करीब 12 बजे चंद्रपाल का कच्चा मकान अचानक से भरभरा गिर गया। जिसके मलबे के नीचे दबकर दंपती समेत परिवार के आठ लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार गांव भीमलौर निवासी चंद्रपाल (45 वर्ष) व उनके परिवार के सदस्य कच्चे मकान मे सो रहे थे। रात करीब 12 बजे बारिश के दौरान उनका पूरा मकान गिर गया। हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना देने के साथ मलबा हटाना शुरू कर दिया। इस बीच थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी को मलबे से निकाला और एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीओ आंवला नितिन कुमार ने बताया कि चिकित्साधिकारी के अनुसार सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। वही देर रात हुए हादसे मे मकान के अंदर सो रहे भोजराम पुत्र ढाकनलाल (55 वर्ष), चंद्रपाल पुत्र ढाकनलाल (50 वर्ष) ,सुनीता पत्नी चंद्रपाल (45 वर्ष) , रवि पुत्र चंद्रपाल (15 वर्ष) , बलवीर पुत्र चंद्रपाल (10 वर्ष), मंजू पुत्री चंद्रपाल (9 वर्ष ), ज्योति पुत्री चंद्रपाल (8 वर्ष), संजीव पुत्र चंद्रपाल (2 वर्ष) घायल हुए है। बारिश से मकान के ढह जाने पर प्रधान ने परिवार को रहने के लिए पंचायत घर में व्यवस्था कराई। इसके साथ ही कोटेदार से राशन दिलाया। जगन्नाथ लोधी ने बताया कि उसके नाम अंत्योदय का राशन कार्ड है। शेष परिजनों के नाम पात्र ग्रहस्थी के राशन कार्ड हैं। उसने प्रधानमंत्री आवास के लिए बीती पंच वर्षीय योजना मे आवेदन कराया था। सूची मे भी उसके भाई चंद्रपाल की पत्नी सुनीता देवी का नाम आया था। परंतु आवास नहीं मिला। इस बार वह मझगवां ब्लॉक प्रमुख यशवंत सिंह से मिलकर अपनी समस्या बता चुका है। उन्होंने आवास दिलाने का आश्वासन दिया था। परंतु आवास नही मिल सका। वहीं ग्राम प्रधान रामनिवास यादव ने बताया कि इस बार इनका नाम भेजा गया है। ग्राम प्रधान रामनिवास यादव ने बताया कि जगन्नाथ लोधी के परिवार का सारा सामान मकान के मलबे में दब गया है। उन्हें पंचायत घर में रहने की सुविधा दी गई है। राशन दुकानदार से राशन दिलवाया गया है। एसडीएम आंवला एन राम ने बताया कि पीड़ित परिवार का सम्पूर्ण मकान धराशायी हो गया है। इन्हें सरकार की ओर से मुख्यमंत्री आवास दिलाया जाएगा। आर्थिक सहायता के साथ इलाज भी कराया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव