Breaking News

बाड़मेर में सफाई कर्मचारियों की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने के लिए कार्यशाला

राजस्थान/बाड़मेर- स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत बाड़मेर मुख्यालय पर टाऊन हॉल में जिला स्तरीय सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट विषयक आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें नगर परिषद् बाड़मेर एवं नगरपालिका चौहटन के स्वास्थ्य जमादारों और सफाई कर्मियों को स्वच्छता, स्वास्थ्य, मार्गदर्शन और उनके परिवारों की शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यशाला की शुरुआत में बाड़मेर विधायक डॉ प्रियंका चौधरी, समाजसेवी दिलीप पालीवाल, किशोरसिंह कानोड़ ने सरस्वती माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवजन किया। अतिथिगण का सामाजिक समरसता के रुप में नगर परिषद् के स्वास्थ्य जमादारों की ओर से दुपट्टा पहनाकर एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इसी क्रम में हर घर में 4 डस्टबीन विषय पर आधारित पोस्टर विमोचन किया गया। इसके साथ ही सफाईकर्मियों को नमस्ते एप के माध्यम से सुरक्षा किट वितरित किए गए और स्वास्थ्य जांच शिविर लगाकर उनका मेडिकल एवं आंखों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया।

चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल ने कहा कि सफाई कर्मी देश के असली कर्मयोगी हैं। आपकी मेहनत से ही शहर साफ-सुथरा रहता है। बाड़मेर विधायक डॉ प्रियंका चौधरी ने कार्यशाला को उपयोगी बताते हुए कहा कि सफाई कर्मियों का योगदान अतुलनीय है। शहर में प्लास्टिक पर प्रतिबंध, रेलवे स्टेशन और नालों की सफाई, गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण और मुख्य सड़कों की नियमित सफाई के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं। स्वच्छता के लिए हर कर्मचारी लगन से काम करे और आमजन भी इसमें भागीदारी निभाएं।

अतिरिक्त जिला कलक्टर रवींद्र कुमार ने प्रजेन्टेशन के माध्यम से शहर में गीले, सूखे, घरेलू हानिकारक और अन्य कचरे के लिए चार प्रकार के डस्टबीन रखने की जानकारी देते हुए शहर की सफाई के लिये प्लास्टिक कचरे को अलग करके रियूज करने पर जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सभी सफाई कर्मी सकारात्मक सोच के साथ काम करें, इसके लिए आमजन का सहयोग भी जरूरी है। इसके लिये आगामी दिनों में वार्ड अनुसार संवाद कार्यक्रम आयोजित करके प्लास्टिक कचरे को अलग संग्रहित किये जाने एवं हर घर में चार डस्टबीन रखे जाने के लिए मुहिम चलाई जाएगी। वार्ड अनुसार एवं व्यक्तिगत रुप से प्लास्टिक कचरे को अलग संग्रहित करने वाले व्यक्तियों एवं सफाई कर्मचारियों को पुरुस्कृत भी किया जाएगा।

गणपतसिंह ने कहा कि सफाई कर्मी अपने मूल काम के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा पर ध्यान दें। युवाओं के लिए शिक्षा, सरकारी नौकरी और स्वरोजगार के कई अवसर उपलब्ध हैं। सही मार्गदर्शन से उनका भविष्य उज्ज्वल बन सकता है। डॉ. ने सफाई के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और स्वास्थ्य सम्बन्धी टिप्स साझा किए। सफाई कामिकों के बच्चें भी अन्य बच्चों की भांति उच्च अघ्ययन कर उच्च अधिकारी बनें। कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी सफाई कर्मियों को 2-2 पौधे वितरित किए जाकर इनको बड़ा करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में समाजसेवी दिलीप पालीवाल, किशोरसिंह कानोड़, रतनलाल बोहरा, रमेश सिंह इंदा, प्रेम सिंह निर्मोही, प्रकाश सर्राफ, धनराज सोनी, मिरचूमल कृपलानी, किशन बोहरा, ईश्वरचन्द नवल, अनिता चौहान, रेखा चण्डक, स्वरुपसिंह भाटी, ओमप्रकाश त्रिवेदी, महेन्द्र घारु सहित आमजन, स्वास्थ्य जमादार एवं सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन भगवानदास बारुपाल ने किया । कार्यक्रम के अन्त में आयुक्त भगवत सिंह परमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *